विवाह सीजन में ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़
कोतवाली में मैरिज गार्डन संचालकों की बैठक, अव्यवस्थित पार्किंग पर होगी सख्त कार्रवाई
अनूपपुर। विवाह समारोह के दौरान शहर में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु शुक्रवार को कोतवाली अनूपपुर में मैरिज गार्डन एवं होटल संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन टीआई अरविंद जैन ने पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान के निर्देशों के तहत किया।
बैठक में बताया गया कि विवाह समारोहों में बरात और सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती है, जिससे आम नागरिकों को परेशानी होती है। इस समस्या के समाधान के लिए मैरिज गार्डन संचालकों को निर्देशित किया गया कि समारोह के दौरान दो कर्मचारी या निजी सुरक्षा गार्ड अनिवार्य रूप से तैनात करें, जो वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करें। गलत पार्किंग या ट्रैफिक बाधा उत्पन्न होने पर गार्डन संचालक की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
साथ ही बारात रात्रि 10 बजे से पूर्व नगर क्षेत्र में नो-एंट्री लागू होने से पहले ही निकालने के निर्देश दिए गए, ताकि दुर्घटना और जाम की स्थिति न बने। विवाह समारोहों में रात्रि 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया। मैरिज गार्डन, होटल एवं साउंड संचालकों को आयोजन की बुकिंग के समय ही आयोजक से लिखित सहमति लेना अनिवार्य किया गया कि वे उच्च न्यायालय निर्देशों का पालन करेंगे।
निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर कोलाहल अधिनियम के तहत एफआईआर की कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में होटल सूर्या से पुष्पेंद्र सिंह व सरोज कुमार चतुर्वेदी, होटल गोविंदम और अनीता मंडपम से मनीष गुप्ता, सरलगन पैलेस से मो. रईस खान, आशीर्वाद होटल से विमल पांडेय, आस्था होटल से राकेश कुमार गौतम, संस्कार मैरिज गार्डन से निष्ठा सिंह राजपूत, सिद्धि विनायक पैलेस से निलेख खेमका, धनश्री पैलेस से दिनेश फ्रांसिस तथा होटल कान्हा इंटरनेशनल से तुषार खेमका उपस्थित रहे और पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया

















