अनूपपुर जबलपुर इंदौर भोपाल मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी बैकुंठपुर रायपुर

अतिथि शिक्षकों का तीन दिवसीय धरना समाप्त, राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम सौंपा मांगों का ज्ञापन

WhatsApp Group Join Now

 अतिथि शिक्षकों का तीन दिवसीय धरना समाप्त, राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम सौंपा मांगों का ज्ञापन

ब्यूरो रिपोर्ट | धार | शैलेंद्र जोशी

धार कलेक्ट्रेट परिसर में बीते तीन दिनों से जारी अतिथि शिक्षकों का धरना गुरुवार को समाप्त हो गया। आज़ाद स्कूल अतिथि शिक्षक संघ, मध्यप्रदेश के नेतृत्व में जिलेभर से पहुंचे अतिथि शिक्षकों ने एकजुट होकर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा।

अतिथि शिक्षकों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि उनके कार्यानुभव और वरिष्ठता के आधार पर सेवाकाल 62 वर्ष तक सुनिश्चित किया जाए, साथ ही वर्षों से सेवा दे रहे अतिथि शिक्षकों को संविदा शिक्षक का दर्जा दिया जाए। इसके अलावा अतिथि शिक्षकों के लिए स्थायी और स्पष्ट सेवा नीति लागू करने की भी प्रमुख मांग रखी गई।

शिक्षकों का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से शासकीय स्कूलों में अल्प मानदेय पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी से शिक्षण कार्य कर रहे हैं, लेकिन आज तक उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कोई ठोस नीति नहीं बनाई गई। अन्य संवर्गों के लिए जहां शासन द्वारा नीतियां बनाई जा रही हैं, वहीं अतिथि शिक्षक लगातार उपेक्षा का शिकार हो रहे हैं, जिससे उनमें असुरक्षा और असंतोष की भावना बढ़ती जा रही है।

धरने के दौरान अतिथि शिक्षकों ने यह भी मांग उठाई कि वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति, समय पर मानदेय भुगतान और सेवा निरंतरता सुनिश्चित की जाए। तीन दिनों तक चले इस धरने में जिले के विभिन्न विकासखंडों से बड़ी संख्या में अतिथि शिक्षक शामिल हुए और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

धरना समाप्ति के अवसर पर शिक्षकों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शासन स्तर पर शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो यह आंदोलन प्रदेशव्यापी रूप ले सकता है। वहीं ज्ञापन प्राप्त करने वाले नायब तहसीलदार ने शिक्षकों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को उचित माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों एवं शासन तक पहुंचाया जाएगा।

फिलहाल अतिथि शिक्षक शासन से शीघ्र और न्यायसंगत निर्णय की उम्मीद लगाए हुए हैं।

खबरों को शेयर कीजिए। धन्यवाद

Leave a Comment