स्मार्ट सिटी अनूपपुर में चोरी का 24 घंटे में खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, नगदी, औजार और बाइक जब्त
अनूपपुर। कोतवाली पुलिस ने स्वामी विवेकानंद स्मार्ट सिटी में दो सूने घरों में हुई चोरी की वारदात का खुलासा 24 घंटे के भीतर करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गया नगदी, एक हाथ घड़ी, बच्चों की गुल्लक, लोहे की रॉड, कटर और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
सूचनाकर्ता अमर महरा द्वारा 11 नवंबर को मकान नंबर 138 में ताला टूटे होने की जानकारी दी गई थी। जांच के दौरान पास के मकान नंबर 167 में भी चोरी की पुष्टि हुई। दोनों घटनाओं पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 529/25 और 530/25 दर्ज कर जांच शुरू की।
एफएसएल अधिकारी प्रदीप अहिरवार, फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ गिरिजा शंकर गौतम और पुलिस डॉग वीरा की मदद से स्थल निरीक्षण किया गया। तलाशी के दौरान पुलिस को घटनास्थल के पास जमीन पर ₹4,500 नगद, एक ऊनी टोपी और अन्य साक्ष्य मिले। इसी टोपी से मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
गिरफ्तार आरोपी — सोनू सिंह वादी, विमलेश नायक, मदन नायक और गुलाब नायक हैं, सभी लखनपुर और जमुड़ी के निवासी हैं।
इस कार्रवाई में अरविंद जैन, प्रवीण साहू, गिरिजा शंकर गौतम, पवन प्रजापति, शिवशंकर प्रजापति, शंख रसीद, प्रकाश तिवारी, अब्दुल कलीम, राजेन्द्र अहिरवार, पंकज मिश्रा और विकास अहिरवार की अहम भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान ने पूरी टीम को उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत करने की घोषणा की है।


















