कोतमा रेलवे अंडरब्रिज में फंसा धान से लदा ट्रक, दो घंटे तक ठप रहा यातायात
अनूपपुर।
अनूपपुर जिले में 1 दिसंबर से प्रशासनिक देखरेख में धान खरीदी का कार्य जारी है। जिले में बनाए गए 34 धान उपार्जन केंद्रों से किसानों द्वारा बेचा गया धान ट्रकों के माध्यम से गोदामों तक पहुंचाया जा रहा है, लेकिन ट्रांसपोर्टरों की लापरवाही आम जनता के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। ओवरलोड वाहनों के कारण कभी भी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
इसी कड़ी में 17 दिसंबर की सुबह करीब 9:30 बजे छिल्पा से दारसागर की ओर जा रहा धान से लदा भारी ट्रक (क्रमांक CG10 BL 5667) कोतमा रेलवे अंडरब्रिज में फंस गया। ट्रक के फंसते ही दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब दो घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। अंडरब्रिज में फंसे ट्रक का डीजल भी समाप्त हो गया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
जाम के कारण सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, आम राहगीरों और बस यात्रियों को उठानी पड़ी। कई स्कूल बसें जाम में फंसी रहीं। सुरक्षा को देखते हुए सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय कोतमा के छोटे बच्चों को बसों से उतारकर शिक्षकों की निगरानी में पैदल विद्यालय पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही कोतमा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस के निर्देश पर दूसरी पिकअप वाहन बुलाकर ट्रक से धान की बोरियां उतरवाई गईं। भार कम होने के बाद ट्रक को धीरे-धीरे अंडरब्रिज से बाहर निकाला गया, तब जाकर यातायात बहाल हो सका।
पुलिस प्रशासन ने ट्रांसपोर्टरों और वाहन चालकों से अपील की है कि रेलवे अंडरब्रिज से गुजरते समय वाहन की ऊंचाई और भार का विशेष ध्यान रखें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


















