सरकारी अफसर ने कार में महिला से किया दुष्कर्म: नौकरी दिलाने अमरकंटक ले गया, वापस लौटते समय बनाया हवस का शिकार, भागने से पहले पुलिस ने दबोचा
जबलपुर। मध्य प्रदेश के एक सरकारी अफसर पर महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि अधिकारी ने नौकरी दिलाने के लिए मिलने बुलाया। इसके बाद बड़े अधिकारी से मिलवाने के लिए कार से ले गया। कार में ही उसके साथ जबरदस्ती की। फिलहाल पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, 35 वर्षीय महिला की कुछ समय पहले ही पंकज सिंह परिहार से दोस्ती हुई थी। पंकज ने उसे सरकारी नौकरी का झांसा देकर मिलने बुलाया। इसके बाद महिला को कार में बैठकर डिंडोरी से अमरकंटक ले गया। अमरकंटक से वापस लौटते समय कुंडम के पास पंकज ने कार में ही महिला के साथ जबरदस्ती की और उसे अपनी हवस का शिकार बना लिया।
आरोपी पंकज सिंह डिंडोरी में पंचायत विभाग में असिस्टेंट इंजीनियर के पद पर पदस्थ है। पीड़िता ने सरकारी अधिकारी के खिलाफ कुंडम थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। बताया गया कि आरोपी इंजीनियर जबलपुर से भागने की फिराक में था।
वह महिला को बस स्टैंड पर छोड़कर भाग रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। कुंडम थाना पुलिस ने कार को भी जब्त कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।