अनूपपुर (सकोला)। आयुष्मान आयोग मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को बड़ा हादसा टल गया। जर्जर हालत में खड़ी इमारत की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
स्वास्थ्य केंद्र की CHO अंशुमन रोज़ की तरह सुबह 10:00 बजे केंद्र खोलने पहुंचीं। उन्होंने अपने केबिन में बैठकर रजिस्टर मेंटेन करने का काम शुरू किया। सबकुछ सामान्य था।
करीब 11:10 बजे एक पेशेंट वैक्सीन लगवाने आया। अंशुमन पेशेंट को लेकर जैसे ही वैक्सीनेशन रूम में गईं, तभी अचानक जोर का धमाका हुआ और छत का बड़ा हिस्सा नीचे गिर पड़ा।
कुछ पल के लिए पूरा माहौल थम गया। आवाज इतनी तेज थी कि स्टाफ और पेशेंट दहशत में कमरे से बाहर भाग खड़े हुए।
छत का बड़ा हिस्सा जमीन पर बिखरा हुआ मिला, जो यह साफ दर्शाता है कि बिल्डिंग अत्यधिक जर्जर हो चुकी है।
धमाके जैसी आवाज सुनकर अगल-बगल के लोग और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। सभी ने राहत की सांस ली कि घटना के समय कोई अंदर मौजूद नहीं था, वरना गंभीर हादसा हो सकता था।
ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र की मरम्मत की मांग कई बार की गई, लेकिन विभाग ने अनदेखी की। स्थिति यहां तक पहुँच गई कि आज किसी की जान भी जा सकती थी।
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि—
ग्रामीणों और स्टाफ द्वारा अनूपपुर स्वास्थ्य विभाग को तत्काल जानकारी देने के बाद भी विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुँची।
लोगों में इस बात को लेकर भारी नाराज़गी है कि इतनी गंभीर घटना के बाद भी विभाग ने मौके का जायज़ा लेना ज़रूरी नहीं समझा।
ग्रामीणों ने मांग की है कि—
जर्जर बिल्डिंग की तत्काल मरम्मत हो
स्वास्थ्य केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए
और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए
यह घटना एक बार फिर सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति और विभाग की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

















