रक्षाबंधन पूर्व वेतन भुगतान व लंबित मांगों को लेकर शिक्षक संघ हुआ सक्रिय, विकासखंड अधिकारी से की मुलाकात
समस्याओं के शीघ्र निराकरण का मिला आश्वासन, नहीं तो जिला कलेक्टर से की जाएगी शिकायत
संवाददाता भरत रावत दिनांक 6 अगस्त2025
डबरा। आगामी रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर शिक्षकों को वेतन समय पर दिलाने और अन्य लंबित मांगों को लेकर मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री आकाश धाकड़ से भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों की समस्याओं का एक ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि त्योहार से पहले वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए ताकि शिक्षक आर्थिक रूप से सशक्त होकर पर्व मना सकें।
संघ की ओर से प्रमुख मांगें रखी गईं, जिनमें सातवें वेतनमान की शेष किस्तों का शीघ्र भुगतान, क्रमोन्नति प्राप्त शिक्षकों के एरियर की राशि समयबद्ध तरीके से देना, प्रत्येक माह वेतन का नियमित भुगतान और सभी पात्र शिक्षकों की शत-प्रतिशत क्रमोन्नति सुनिश्चित करना शामिल है।
प्रतिनिधियों ने स्पष्ट कहा कि यदि इन समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हुआ, तो संघ जिला कलेक्टर से मिलकर शिकायत दर्ज कराएगा और आंदोलनात्मक कदम भी उठाए जा सकते हैं।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रांत महिला प्रमुख ममता राठौर और तहसील अध्यक्ष *सरोज दुबे ने किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज की रीढ़ हैं और उन्हें समय पर आर्थिक व प्रशासनिक सुविधाएं मिलना आवश्यक है।
संघ ने वेतन से जुड़े अन्य मुद्दों और शिक्षकों के सेवा संबंधी विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री आकाश धाकड़ ने आश्वस्त किया कि शिक्षकों की सभी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग शिक्षकों के हितों को सर्वोपरि मानते हुए शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करेगा।
शिक्षक संघ की यह पहल रक्षाबंधन से पहले शिक्षकों के हक की आवाज बनकर सामने आई है, जिसे लेकर शिक्षा जगत में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।


















