यातायात पुलिस ने ठोका 9 हजार रुपये का चालान
कोरिया। सड़क सुरक्षा के नियमों की अनदेखी करना एक युवक को महंगा पड़ गया। 31 दिसंबर 2025 को फूलपुर चरचा मेन रोड पर हाईवे के समीप पल्सर मोटरसाइकिल में मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर तेज रफ्तार में स्टंट कर रहे एक बाइक सवार को कोरिया यातायात पुलिस ने मौके पर पकड़ लिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक चालक अतीत पिता महेश खाखा (उम्र 19 वर्ष) निवासी फूलपुर चरचा अपने वाहन में अवैध रूप से मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर अत्यधिक शोर उत्पन्न कर रहा था और सार्वजनिक मार्ग पर खतरनाक तरीके से वाहन चला रहा था। इससे आम लोगों की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था।
यातायात पुलिस द्वारा वाहन चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्यवाही करते हुए 9000 रुपये का समझौता शुल्क (चालान) किया गया। पुलिस ने युवक को भविष्य में इस तरह की लापरवाही ना करने की सख्त चेतावनी भी दी।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कोरिया रवि कुमार कुर्रे ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट करने वालों और मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध आगे भी निरंतर सख्त कार्यवाही की जायेगी। ऐसे कृत्य ना केवल कानूनन अपराध हैं बल्कि आम नागरिकों की जान के लिये भी खतरा बनते हैं।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार 1 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक जिले में यातायात सप्ताह का आयोजन किया जायेगा। इसका शुभारंभ 1 जनवरी को शाम 4 बजे रक्षित केंद्र बैकुंठपुर में किया जायेगा। यातायात सप्ताह के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे, जिनमें हेलमेट रैली, पंपलेट वितरण, स्कूल–कॉलेजों में निबंध, रंगोली एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं शामिल होंगी। इसका उद्देश्य लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग को अपनी आदत बनायें।


















