नवोदय प्रवेश परीक्षा में जनकपुर के विद्यार्थियों को मिलेगा बड़ा लाभ
विशेष निःशुल्क कोचिंग क्लास का हुआ शुभारंभ
एमसीबी। जनकपुर क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की ओर अग्रसर करने और उन्हें प्रतिष्ठित नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में सफलता दिलाने के उद्देश्य से विकासखंड शिक्षा अधिकारी भरतपुर सच्चिदानंद साहू के मार्गदर्शन में प्राथमिक शाला बालक जनकपुर में विशेष कोचिंग क्लास का शुभारंभ किया गया। यह पहल विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धी वातावरण और तैयारी के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
इस विशेष कोचिंग का लाभ जनकपुर नगर पंचायत क्षेत्र में अध्ययनरत सभी विद्यालयों के छात्र-छात्राएं ले सकते हैं। कोचिंग क्लास प्रतिदिन दोपहर 2:00 बजे से 4:00 बजे तक संचालित होगी। नगर पंचायत के विभिन्न विद्यालयों में पदस्थ शिक्षक पूरी तरह निःशुल्क सेवा देते हुए बच्चों को नवोदय प्रवेश परीक्षा पैटर्न के अनुरूप मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। इसके अंतर्गत तर्क और मानसिक क्षमता, गणितीय योग्यता, भाषा कौशल, मॉडल टेस्ट जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कोचिंग क्लास के शुभारंभ अवसर पर कई शिक्षकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया। इस दौरान
सोमेश देवांगन प्रभारी प्राचार्य, शासकीय हाई स्कूल बरेल, रवि शंकर सिंह, नरेश यादव, नरसिंह राजपूत, शारदा त्रिपाठी और विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।
इस अवसर पर शिक्षकों ने कहा कि इस पहल से जनकपुर के विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रतिस्पर्धा क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और अधिक से अधिक बच्चे नवोदय जैसी प्रतिष्ठित संस्था में प्रवेश पाने में सफल होंगे। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी स्तर पर ऐसी कोचिंग उपलब्ध होने से आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को भी उच्च स्तरीय मार्गदर्शन मिल सकेगा। इससे क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को नई दिशा मिलेगी।


















