राम वन पथ गमन की अलख जगाने वाले सनातनी जेपी साहू बने जनआंदोलन की धुरी
जमुना कोतमा अनूपपुर
जिले की प्रसिद्ध आदि शक्ति जगत जननी मां सिंह वाहनी शक्ति पीठ भटिया को पर्यटन स्थल घोषित किए जाने तथा इसे राम वन पथ गमन से जोड़ने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। भले ही फिलहाल मुख्यमंत्री मोहन यादव का प्रस्तावित कार्यक्रम स्थगित हो गया हो, लेकिन क्षेत्रवासियों ने अपनी आस्था और विकास से जुड़ी मांग को पूरी मजबूती से सामने रखा है।
भटिया शक्ति पीठ में दोनों नवरात्रों के दौरान विशाल मेला लगता है, जिसमें लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। सामान्य दिनों में भी प्रतिदिन 3 से 5 हजार श्रद्धालुओं का आवागमन बना रहता है, लेकिन ठहरने, भोजन, बैठने एवं पूजा-पाठ की पर्याप्त व्यवस्था न होने से श्रद्धालु रुक नहीं पाते। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि इसे पर्यटन स्थल का दर्जा मिल जाए तो श्रद्धालुओं को समुचित सुविधाएं मिलेंगी और मंदिर का समग्र विकास संभव होगा।
राम वन पथ गमन को जन-जन तक पहुंचाने में सनातनी जेपी साहू की भूमिका सबसे अहम मानी जा रही है। जेपी साहू ने सबसे पहले राम वन पथ गमन की अलख जगाई, यात्राएं निकालीं और इसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया। उनके सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप सरकार ने इस ऐतिहासिक मार्ग को संज्ञान में लेते हुए उस पर कार्य प्रारंभ किया।
महत्वपूर्ण यह है कि जेपी साहू द्वारा राम वन पथ गमन सनातन एकता यात्रा के दौरान भटिया एवं जैतपुर क्षेत्र में ग्रामीणों के साथ इस विषय पर वृहद चर्चा की गई थी। उसी चर्चा के परिणामस्वरूप आज क्षेत्र में यह मांग जनभावना का रूप ले चुकी है और शक्ति पीठ भटिया व कोल्हुवा सीता चौक को राम वन पथ गमन से जोड़ने की आवाज बुलंद हो रही है।
इसी क्रम में कोल्हुवा (कोलुवा) क्षेत्र के ग्रामीणों ने शक्ति पीठ भटिया से लगे सीता चौक को भी राम वन पथ गमन से जोड़ने की मांग प्रमुखता से उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि आज भी सीता चौक स्पष्ट दिखाई देता है और प्राचीन मंडप के अवशेष माता सीता की उपस्थिति एवं इस स्थल के ऐतिहासिक महत्व को प्रमाणित करते हैं।
क्षेत्रवासियों का विश्वास है कि प्रदेश में देवालयों और सांस्कृतिक धरोहरों के विकास की जो सोच है, उसी कड़ी में भटिया शक्ति पीठ, कोल्हुवा सीता चौक और राम वन पथ गमन को जोड़कर इस पूरे क्षेत्र का कायाकल्प होगा। जनता को पूर्ण विश्वास है कि सनातनी जेपी साहू के नेतृत्व में उठी यह जनभावना अंततः सरकार तक पहुंचेगी और शीघ्र फलीभूत होगी


















