छत्तीसगढ़ से आया भटका हाथी अनूपपुर में सक्रिय, ग्रामीणों की नींद उड़ी
रिपोर्ट शशिधर अग्रवाल
अनूपपुर । छत्तीसगढ़ राज्य की सीमा से भटकर मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में पहुँचा एक नर हाथी पिछले चार दिनों से जैतहरी वन परिक्षेत्र के धनगवां बीट में डेरा जमाए हुए है। दिन के समय यह हाथी जंगल में रहता है, जबकि रात में निकलकर चोई और कुकुरगोंड़ा सहित आसपास के गांवों के खेतों में लगी धान की फसल को नुकसान पहुँचा रहा है। हाथी के विचरण से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है
बीती रात हाथी ने चोई गांव के भलुवानघर टोला निवासी छग्गू सिंह के मकान की दीवार तोड़कर घर के अंदर रखी सामग्री को नुकसान पहुँचाया। वहीं खेतों में लगे बोर पम्प, मोटर और पाइप भी हाथी द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने की बात सामने आई है। इसके अलावा कई किसानों की धान की फसल को भी हाथी खा चुका है, जिससे किसान परेशान हैं
हाथी का प्रवेश मरवाही वनमंडल (छत्तीसगढ़) के शिवनी बीट से हुआ बताया जा रहा है। वन विभाग का मैदानी अमला लगातार हाथी की निगरानी में जुटा है और ग्रामीणों से रात में समूह बनाकर सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील कर रहा है
वन विभाग और राजस्व विभाग की टीम द्वारा क्षति का सर्वे कर राहत प्रकरण तैयार किया जा रहा है। वहीं गांव के लोगों एवं जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से हाथी को सुरक्षित रूप से क्षेत्र से बाहर करने की मांग की है, ताकि फसल और जनहानि की आशंका को रोका जा सके


















