स्वास्थ्य मंत्री ने दी एड्स मुक्त छत्तीसगढ़ की प्रेरणा कहा की जागरूकता ही बचाव
एमसीबी/मनेन्द्रगढ़। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ द्वारा विश्व एड्स दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय मनेन्द्रगढ़ में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल उपस्थित रहे जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भरतपुर–सोनहत विधायक श्रीमती रेणुका सिंह ने की। विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यशवंती सिंह, मनेन्द्रगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव, झगराखांड नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीमा यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह राणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन से हुई। इस अवसर पर चिकित्सकों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर एड्स जागरूकता अभियान को सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि विश्व एड्स दिवस स्वास्थ्य जागरूकता और मानवता के प्रति समर्पित है। समाज में एड्स से जुड़े भ्रम और झिझक को दूर करना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एचआईवी सामान्य संपर्क से नहीं फैलता बल्कि
असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित सुई, संक्रमित रक्त तथा एचआईवी संक्रमित मां से जन्मे शिशु के माध्यम से फैलता है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में वर्तमान में 22,313 एचआईवी पॉजिटिव मरीज दर्ज हैं जबकि एमसीबी जिले में लगभग 293 मरीज है जिनमें से 200 से अधिक मनेंद्रगढ़ ब्लॉक में हैं। इसे गंभीर चिंता का विषय बताते हुए उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया के माध्यमों से जागरूकता फैलाने की अपील की।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा की यदि समाज और युवा संकल्प लें तो 2030 तक एड्स का उन्मूलन संभव है। उन्होंने प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 10 से बढ़कर 15 हो चुकी है। मनेंद्रगढ़ मेडिकल कॉलेज का भूमिपूजन प्रधानमंत्री द्वारा वर्चुअल किया जा चुका है और कक्षाएं शीघ्र प्रारंभ होंगी साथ ही जिले में फिजियोथेरेपी कॉलेज, मानसिक रोग अस्पताल एवं नये नर्सिंग कॉलेज की स्थापना भी जारी है। कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने उपस्थित सभी लोगों को एड्स विरोधी सामाजिक संकल्प की शपथ दिलाई। जिले भर में आगामी पखवाड़े तक रैलियों, नुक्कड़ नाटकों, निबंध, कार्यशालाओं और कॉलेज गतिविधियों के आयोजन की घोषणा की गई।
विधायक श्रीमती रेणुका सिंह ने कहा कि एड्स के प्रति डर ही सबसे बड़ा दुश्मन है क्योंकि डर उपचार को रोकता है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा विज्ञान उन्नत है और समय पर उचित उपचार प्राप्त करने पर एचआईवी संक्रमित व्यक्ति सामान्य और स्वस्थ जीवन जी सकता है। उन्होंने कहा की
1 दिसंबर केवल एक तारीख नहीं बल्कि जागरूकता और संकल्प का दिन है। 2047 तक एड्स मुक्त भारत का लक्ष्य हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने समाज से नशे और अवांछित गतिविधियों को रोकने की अपील भी की। विधायक ने कार्यक्रम के आयोजन के लिये स्वास्थ्य मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मनेन्द्रगढ़ के लिये यह बड़ा अवसर है।
कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जिसमे
चित्रकला प्रतियोगिता में
एकेडमी हायर पब्लिक स्कूल की
अवनी प्रथम, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी विद्यालय की अमृता केवल द्वितीय और शासकीय कन्या उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय अजजा की लीलावती ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। कविता (पोयम) प्रतियोगिता में
शासकीय कन्या उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय की रागनी यादव ने पहला, श्री यमुना प्रसाद शास्त्री स्कूल के रिषभ ने दूसरा और यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल की
शहसीता परवीन ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। तात्कालिक भाषण
में दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के अद्विक आचार्य ने प्रथम, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी विद्यालय के
उपकार पाठक ने द्वितीय और
श्री यमुना प्रसाद शास्त्री स्कूल की निधि चौबे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सोलो डांस में इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग की भूमिका चौधरी ने प्रथम, नुक्कड़ नाटक द्वितीय सौरथ एंड ग्रुप और सोलो डांस तृतीय आदर्श पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट को मिला।
कार्यक्रम में एमसीबी भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले, रवि अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, आदित्य राज डेविड, रवि गुप्ता, संजय सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अविनाश खरे सहित भारी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती वीरांगना श्रीवास्तव ने किया।

















