कोतमा विधानसभा में मतदाता पुनरीक्षण की रफ्तार तेज़
74% प्रपत्र भरे, 18 बूथों ने किया 100% डिजिटलीकरण
कोतमा। कोतमा विधानसभा क्षेत्र में मतदाता पुनरीक्षण अभियान तेजी से संचालित किया जा रहा है। विधानसभा के 202 बूथों पर बीएलओ, सुपरवाइजर और पटवारी डोर-टू-डोर जाकर गणना पत्रक भरने का कार्य कर रहे हैं। क्षेत्र के 18 मतदान केंद्रों ने 100 प्रतिशत डिजिटलीकरण का कार्य पूर्ण कर लिया है, जिसके लिए राजस्व अधिकारियों द्वारा संबंधित बीएलओ का सम्मान किया गया।
सोमवार को तहसीलदार दशरथ सिंह, पटवारी अभिमन्यु पाल सहित टीम ने नगर के कम गति से चल रहे बूथों व ग्रामीण क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अब तक क्षेत्र में 74 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं के प्रपत्र भरे जा चुके हैं।
सुबह से रात तक सक्रिय अधिकारी
स्पेशल इन्वेस्टिगेशन रिवीजन (SIR) के कार्य 4 दिसंबर तक पूर्ण करने के निर्देशों के चलते अधिकारी-कर्मचारी सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक लगातार फील्ड में सक्रिय हैं।
छत्तीसगढ़ सीमा से सटाव होने से आ रही दिक्कतें
तहसीलदार दशरथ सिंह ने निरीक्षण के दौरान विभिन्न गांवों में बीएलओ से चर्चा कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ से अधिक संपर्क में रहने के कारण कई महिलाओं को अपने मायके से संबंधित जानकारी देने में कठिनाई होती है। कई बार वे अपने गांव या वार्ड का नाम भी स्पष्ट रूप से नहीं बता पातीं
कोयलांचल क्षेत्र में चुनौतियाँ
कोयलांचल क्षेत्र के बिजुरी, राजनगर, डोला और डूमर कछार में बड़ी संख्या में मतदाता अन्यत्र शिफ्ट हो जाने के कारण उनके पते तलाशने और फार्म भरने में कठिनाई हो रही है।
प्रतिदिन भरे गए प्रपत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही है। जिन वार्डों में कार्य की गति कम है, वहां अतिरिक्त स्टाफ तैनात कर कार्य में तेजी लाने के प्रयास किए जा रहे हैं


















