एसपी रत्ना सिंह ने किया जनरल परेड का निरीक्षण
शासकीय वाहनों से लेकर पुलिस लाइन तक की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा
एमसीबी। रक्षित केंद्र आमाखेरवा परेड ग्राउंड में 28 नवम्बर 2025 दिन शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह द्वारा जनरल परेड का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निर्धारित समय पर समस्त अधिकारी कर्मचारी पूर्ण वेश-भूषा में परेड ग्राउंड में उपस्थित हुए जहाँ एसपी ने पूरे अनुशासन के साथ शुरू हुई परेड की कमान अपने निरीक्षण के तहत संभाली।
निरीक्षण की शुरुआत जवानों के वर्दी की स्वच्छता, जूते की पॉलिश, बैज-बेल्ट की स्थिति और संपूर्ण वेशभूषा की जाँच से की गई। एसपी रत्ना सिंह ने जवानों की व्यक्तिगत अनुशासन एवं प्रस्तुति पर विशेष टिप्पणी करते हुए कहा कि वर्दी में दिखने वाली चमक ही पुलिस बल की छवि को मजबूत बनाती है। उत्तम वेशभूषा में उपस्थित जवानों और अधिकारियों को उन्होंने पुरस्कार और प्रशंसा प्रदान की ताकि बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहन मिल सके।
परेड के बाद एसपी ने पुलिस विभाग के शासकीय वाहनों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वाहनों की बाहरी-भीतरी सफाई, इंजन की स्थिति, आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, संचार उपकरणों की कार्यप्रणाली,
वाहन लॉगबुक एवं मेंटेनेंस रिकॉर्ड की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिये कि सभी वाहन सदैव रोड रेडी स्थिति में रहें ताकि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में तुरंत उपयोग किये जा सकें।
परेड समाप्ति के बाद एसपी रत्ना सिंह ने पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी रोस्टर व्यवस्था, आरक्षकों के आवासीय परिसर की सफाई, बैरक व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन,
भोजनालय (मेस) की स्वच्छता,
कार्यालयीन दस्तावेजों के रख-रखाव, शस्त्रागार एवं गोदाम की स्थिति सहित सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान एसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि पुलिस लाइन में सुरक्षा, अनुशासन और स्वच्छता के मानकों में कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के लिए समयसीमा सहित निर्देश भी दिये।


















