24 घंटे में आरोपी को किया गया गिरफ्तार
केल्हारी पुलिस की त्वरित कार्यवाही
एमसीबी। थाना केल्हारी क्षेत्र के ग्राम बिरौरीडांड में 11 दिसंबर 2025 को एक पारिवारिक विवाद ने दिल दहला देने वाली वारदात का रूप ले लिया। मामूली पैसों के विवाद में कलयुगी बेटे सतीश बियार ने अपने ही पिता बजरंगी बियार पर लाठी और जलती हुई लुआठी से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पर मृतक की पत्नी बीना बियार के साथ भी मारपीट की गई।
मृतक की पत्नी बीना बियार उम्र 40 वर्ष ने थाना केल्हारी में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार वह अपनी रिश्तेदार के साथ बैंक से 1000 रुपये निकालकर मुर्गा लाई थी। घर पर पति बजरंगी बियार और रिश्तेदार के साथ बैठकर खाना पीना चल रहा था। इसी दौरान बेटे सतीश बियार ने पैसों को लेकर विवाद शुरू कर दिया। कहासुनी बढ़ने पर सतीश अपने साले श्यामलाल के साथ मौके पर पहुंचा और बजरंगी बियार पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पिता की मौत हो गई जबकि उसकी मां को भी चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना केल्हारी में अपराध क्रमांक 69/2025 के तहत बीएनएस की धारा 103, 115(2), 3(5) में मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा दीपक कुमार झा, पुलिस अधीक्षक एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह एवं एसडीओपी मनेन्द्रगढ़ अलेक्सियुस टोप्पो के मार्गदर्शन में साइबर सेल और थाना केल्हारी पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर त्वरित कार्यवाही करते हुए फरार मुख्य आरोपी सतीश बियार को महज 24 घंटे के भीतर ग्राम सिंघोर थाना सोनहत जिला कोरिया से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्यवाही में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले, थाना प्रभारी केल्हारी उपनिरीक्षक टिकेश्वर यादव, प्रधान आरक्षक ललित यादव, विनोद खलखो, आरक्षक
मदन राजवाड़े, दीप नारायण तिवारी, सुरेश तिग्गा, मुरारी सिंह, भुपेन्द्र यादव, राकेश तिवारी, तेजप्रताप सहित पुलिस टीम के प्रधान आरक्षक
और आरक्षकों की सराहनीय भूमिका रही ।


















