सिंधु रॉयल्स ने सांसद भारत सिंह कुशवाह से की डबरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के हॉल्ट की मांग
डबरा। (12 अक्टूबर 2025) — “हर घर स्वदेशी, घर घर स्वदेशी” के संकल्प अभियान एवं विधानसभा सम्मेलन 19 डबरा के दौरान आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाहा को सिंधु रॉयल्स डबरा द्वारा एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा गया।
संगठन के अध्यक्ष संजय जीवतानी, कोषाध्यक्ष राजेश रोहिरा तथा सचिव महेश हबलानी के नेतृत्व में सिंधी समाज एवं डबरा के व्यापारी संगठनों ने सांसद से आग्रह किया कि डबरा रेलवे स्टेशन, जो अमृत श्रेणी का आदर्श स्टेशन है, पर कुछ प्रमुख ट्रेनों का हॉल्ट पुनः प्रारंभ किया जाए।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि डबरा क्षेत्र से पाँच विधानसभा क्षेत्रों की लगभग 10 लाख की आबादी यात्रा करती है, साथ ही यहां स्थित बीएसएफ अकादमी टेकनपुर और A श्रेणी की कृषि उपज मंडी के कारण प्रतिमाह करोड़ों का मालभाड़ा और प्रतिदिन लाखों की टिकट बुकिंग होती है। इसके बावजूद कई प्रमुख गाड़ियाँ डबरा में नहीं रुकतीं, जिससे यात्रियों को झांसी या ग्वालियर जाना पड़ता है — जो समय, धन और श्रम की बर्बादी है।
सिंधु रॉयल्स ने मांग की है कि निम्नलिखित ट्रेनों का डबरा स्टेशन पर हॉल्ट किया जाए —
जी.टी. एक्सप्रेस
हीराकुण्ड एक्सप्रेस
गीता जयंती एक्सप्रेस (11841-42)
गोंडवाना एक्सप्रेस (12405-06, 09-10)
संगठन ने बताया कि ये सभी ट्रेनें डबरा से छोटे-छोटे स्टेशनों जैसे अमला, बेतूल, घोड़ाडोंगरी, गंजबासोदा, मुरैना, धौलपुर, उमरिया, बुरहार, खुरई, ईशानगर, खरगापुर, होडल आदि पर रुकती हैं, इसलिए डबरा जैसे प्रमुख स्टेशन पर भी हॉल्ट होना पूर्णतः न्यायसंगत और आवश्यक है।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि गीता जयंती एक्सप्रेस का हॉल्ट डबरा में होने से टीकमगढ़, छतरपुर और बागेश्वर धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को भी बड़ी राहत मिलेगी।
ज्ञापन सौंपते हुए अध्यक्ष संजय जीवतानी ने कहा —
*“डबरा जैसे बड़े और व्यस्त स्टेशन पर ट्रेनों का हॉल्ट न होना स्थानीय जनता के साथ अन्याय है। सांसद जी से हमें उम्मीद है कि वे इस मुद्दे को रेलवे मंत्रालय तक प्राथमिकता से पहुँचाएंगे।”*
कार्यक्रम में मौजूद रमेश चंद्र रोहिरा, घनश्याम हवलानी, राजू कुकरेजा, जीतेन्द्र डेंगरे, लोगों ने सांसद भारत सिंह कुशवाहा से इस मांग पर शीघ्र कार्यवाही की अपेक्षा व्यक्त की।


















