बिलासपुर। एसईसीएल की मेजबानी में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन कोल इंडिया मेडिकल कॉन्फ्रेंस – सिमेकॉन 2026 का 2 मार्च को सफल समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कोल इंडिया लिमिटेड के निदेशक (मानव संसाधन) डॉ. विनय रंजन उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने की।
अपने संबोधन में डॉ. रंजन ने कहा कि कोल इंडिया को 1200 समर्पित चिकित्सकों के सशक्त नेटवर्क पर गर्व है, जो 16 बड़े एवं 80 से अधिक क्षेत्रीय अस्पतालों के माध्यम से कोलफील्ड क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने तकनीक-सक्षम, पारदर्शी और परिणामोन्मुखी स्वास्थ्य प्रणाली पर बल दिया।
सम्मेलन में 250 से अधिक चिकित्सकों ने शोधपत्र व केस स्टडी प्रस्तुत किए। व्यावसायिक रोग, आपात चिकित्सा, टेलीमेडिसिन और डिजिटल हेल्थ जैसे विषयों पर मंथन हुआ। अंत में श्रेष्ठ प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
