एमसीबी/मनेन्द्रगढ़। आम तौर पर जन्मदिन के अवसर पर केक, बधाइयाँ और उत्सव होते हैं लेकिन मारवाड़ी युवा मंच तेजस्विनी शाखा की अध्यक्ष श्वेता पोद्दार ने अपने जन्मदिन को समाज सेवा और संवेदनशीलता का माध्यम बनाया। उन्होंने आमाखेरवा स्थित नेत्रहीन विद्यालय पहुंचकर बच्चों के साथ अपना विशेष दिन साझा किया और उनके जीवन में खुशियों की एक नई रोशनी भर दी।
इस अवसर पर विद्यालय में अध्ययनरत लगभग 60 दिव्यांग नेत्रहीन बच्चों को ठंड से बचाव के लिये जैकेट और स्वेटर वितरित किये गये साथ ही सभी बच्चों को स्वल्पाहार भी कराया गया। जैसे ही बच्चों को गर्म कपड़े मिले उनके चेहरों पर खिली मुस्कान ने पूरे वातावरण को भावनाओं से भर दिया।
कार्यक्रम के दौरान श्वेता पोद्दार ने कहा कि नेत्रहीन बच्चों के बीच जन्मदिन मनाना उनके लिये किसी उत्सव से कम नहीं है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, हम उनके दर्द को पूरी तरह महसूस नहीं कर सकते लेकिन उनके साथ खुशियों के पल जरूर बांट सकते हैं। यह अनुभव मेरे जीवन की सबसे अनमोल स्मृतियों में शामिल रहेगा। बच्चों की खुशी और उत्साह ने इस दिन को उनके लिये अविस्मरणीय बना दिया। विद्यालय प्रशासन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें यह एहसास होता है कि समाज उनके साथ खड़ा है। यह आयोजन ना केवल सेवा का उदाहरण बना बल्कि मानवीय मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी का भी सशक्त संदेश दे गया।
इस भावनात्मक अवसर पर तेजस्विनी शाखा की सदस्य संगीता शर्मा, रमा अग्रवाल, सतिया शर्मा, रघुनाथ पोद्दार सहित विद्यालय के प्राचार्य संतोष चढोकर, शिक्षक राकेश गुप्ता, गोपाल जी तिवारी, योगेश प्रसाद अग्निहोत्री, टकेश्वर यादव, रामनारायण कश्यप, प्रतीक कुमार, राहुल कुमार, रणजीत सिंह, सुरेश प्रसाद, बबली देवी एवं अंकित उपस्थित रहे।


















