शराब के नशे में पत्नी-बच्चों से मारपीट कर रहा था पोता, बुजुर्ग दादा ने रोका तो लाठी से पीट-पीटकर कर दी हत्या

---Advertisement---

शराब के नशे में पत्नी-बच्चों से मारपीट कर रहा था पोता, बुजुर्ग दादा ने रोका तो लाठी से पीट-पीटकर कर दी हत्या

जैतहरी पुलिस ने 24 घंटे में हत्या के आरोपी को किया गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल

जैतहरी। थाना जैतहरी पुलिस ने ग्राम बेलिया रेलवे फाटक के पास 85 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या के मामले में आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी शराब के नशे में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट कर रहा था। बुजुर्ग दादा जब बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपी ने उन पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार 30 सितंबर 2026 की रात करीब 2 बजे ग्राम बेलिया रेलवे फाटक के पास रहने वाले गोरेलाल पनिका के साथ मारपीट की घटना हुई थी। गंभीर रूप से घायल गोरेलाल को परिजनों ने 1 अक्टूबर की सुबह करीब 7 बजे 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल अनूपपुर में भर्ती कराया। उपचार के दौरान उसी दिन रात करीब 8 बजे उनकी मौत हो गई।

बीच-बचाव करने पहुंचे थे बुजुर्ग

घटना की जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी रवि शंकर पनिका 30 सितंबर को जैतहरी आया था। रात में उसने अत्यधिक शराब का सेवन किया और करीब 2 बजे घर पहुंचकर पत्नी एवं बच्चों के साथ मारपीट करने लगा। घर में हो रहे विवाद को देखकर उसके 85 वर्षीय दादा गोरेलाल पनिका बीच-बचाव करने पहुंचे।

पुलिस के मुताबिक दादा के हस्तक्षेप से आरोपी आक्रोशित हो गया और उसने लाठी से गोरेलाल पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए गोरेलाल घर से बाहर भागे, लेकिन आरोपी ने उनका पीछा कर लाठी से मारपीट जारी रखी। गंभीर रूप से घायल होकर गोरेलाल के चिल्लाना बंद करने के बाद आरोपी मौके से भाग गया।

परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और घायल गोरेलाल को उपचार के लिए जिला अस्पताल अनूपपुर पहुंचाया। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

हत्या का मामला दर्ज कर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद जैतहरी पुलिस जिला अस्पताल पहुंची। सूचनाकर्ता मोहनलाल पनिका की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 0/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। साथ ही देहाती मर्ग क्रमांक 0/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत कायम कर शव का जिला अस्पताल अनूपपुर में पोस्टमार्टम कराया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी जुटाते हुए आरोपी रवि शंकर पनिका की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उसे जिला जेल दाखिल कराया गया।

थाना प्रभारी के नेतृत्व में कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनूपपुर एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अनूपपुर के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गोकुलानंद पाण्डेय के नेतृत्व में अमरलाल यादव, जेपीएच तिर्की, मणिराज सिंह, सुरेश कुमार कोरी, जयसिंह, श्रीश्याम शुक्ला, राजकुमार मार्को, विजयनंद पाण्डेय, मनीष सिंह तोमर और नरेंद्र जाट की भूमिका रही।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment