बिजुरी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की बिजुरी नगर इकाई ने शासकीय महाविद्यालय बिजुरी में व्याप्त विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को दो घंटे तक प्रदर्शन कर प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। परिषद के कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय प्रशासन पर छात्रों की समस्याओं के प्रति उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए शीघ्र समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि महाविद्यालय में छात्राओं के लिए सैनेट्री वेंडिंग मशीन और फर्स्ट एड बॉक्स की व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा खेल मैदान और खेल सामग्री का अभाव है तथा छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर सीसीटीवी कैमरे नहीं होने से असामाजिक तत्वों द्वारा अभद्रता और मारपीट की घटनाओं की शिकायतें भी सामने आती रहती हैं।
परिषद के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि निर्धारित समय सारणी के अनुसार नियमित कक्षाओं का संचालन नहीं हो रहा है और छात्रों को स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) व अंकसूची प्राप्त करने के लिए कई दिनों तक भटकना पड़ता है। वहीं महाविद्यालय की लाइब्रेरी में पुस्तकों का अभाव है तथा वाई-फाई की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है।
विद्यार्थी परिषद ने यह भी आरोप लगाया कि महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रमों की सूचना छात्रों को समय पर नहीं दी जाती और कार्यक्रमों के बजट में पारदर्शिता नहीं रखी जाती। कुछ प्राध्यापकों द्वारा ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराकर महाविद्यालय से अनुपस्थित रहने की शिकायतें भी सामने आई हैं। साथ ही प्रयोगशालाओं में पुराने और जंग लगे उपकरण रखे होने, पेयजल और शौचालय व्यवस्था खराब होने तथा छात्रों के व्यक्तित्व विकास के लिए सांस्कृतिक गतिविधियां नहीं होने की समस्या भी उठाई गई।
विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने इन सभी समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो परिषद उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन और ज्ञापन कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला संगठन मंत्री शिवेंद्र चतुर्वेदी, जिला संयोजक प्रणव मिश्रा, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य प्रांजल तिवारी, नगर मंत्री रंजीत सेन, आदित्य उपाध्याय, राजा, जय, दीपक, रंजीत पनिका, पुष्पा साय, इशा भारती, अनुज मिश्रा, हितेश सिंह, पुष्पराज, धनंजय, शिवम, ऋषि, प्रयाग सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








