शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह ने केंद्रीय मंत्री गडकरी से की मुलाकात
हाईवे, टूरिस्ट कॉरिडोर और रिंग रोड परियोजनाओं को लेकर रखे महत्वपूर्ण प्रस्ताव
अनूपपुर
शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद हिमाद्री सिंह ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से सौजन्य भेंट कर क्षेत्र की सड़क संपर्कता और पर्यटन विकास से जुड़े अहम प्रस्तावों पर चर्चा की। मुलाकात के दौरान सांसद ने उमरिया–शहडोल हाईवे के शीघ्र निर्माण, टूरिस्ट कॉरिडोर के विस्तार और रिंग रोड परियोजनाओं को गति देने की मांग रखी
सांसद हिमाद्री सिंह ने उमरिया–शहडोल हाईवे के निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने पर जोर देते हुए कहा कि यह मार्ग क्षेत्र के किसानों, व्यापारियों और आम जनता के लिए जीवनरेखा साबित होगा उन्होंने बताया कि लंबे समय से लंबित इस परियोजना के पूरा होने से शहडोल और उमरिया के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी
पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सांसद ने पेंच–कान्हा–बांधवगढ़ तक प्रस्तावित टूरिस्ट कॉरिडोर को मैहर होते हुए पन्ना नेशनल पार्क तक विस्तारित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के प्रमुख वन्यजीव अभयारण्यों को जोड़ने वाला यह कॉरिडोर पर्यटन, रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा
इसके साथ ही सांसद ने बांधवगढ़ से बरही तक एलिवेटेड हाईवे निर्माण तथा अनूपपुर और शहडोल शहरों के चारों ओर रिंग रोड विकसित करने का भी आग्रह किया। एलिवेटेड हाईवे से वन क्षेत्रों में सुरक्षित आवागमन संभव होगा, वहीं रिंग रोड से शहरी यातायात जाम की समस्या से राहत मिलेगी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद के सुझावों को गंभीरता से सुना और इन प्रस्तावों पर शीघ्र विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सड़क अवसंरचना को प्राथमिकता दे रही है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने पर शहडोल, उमरिया और अनूपपुर जिलों में विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है


















