अनूपपुर जबलपुर इंदौर भोपाल मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी बैकुंठपुर रायपुर

लखनपुर दोहरे हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा पहली पत्नी से हुए पुत्र ने साथियों संग रची साजिश, दो की हत्या—तीन आरोपी गिरफ्तार

By Santosh Chaurasiya

Published on:

WhatsApp Group Join Now

अनूपपुर।

कोतवाली अनूपपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लखनपुर में हुए दोहरे जघन्य हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतक के पुत्र सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक की पहली पत्नी से जन्मे पुत्र ने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

 

पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम एवं एसडीओपी सुमित केरकेट्टा के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 552/25 धारा 103(1), 109(1) बीएनएस के तहत विवेचना करते हुए मामले का खुलासा किया।

 

घटना 10 दिसंबर 2025 की रात की है। ग्राम लखनपुर निवासी राजेन्द्र उर्फ बबलू पटेल (40) और उनके घर में काम करने वाली सीमा बैगा (25) की अर्धनिर्मित मकान के बरामदे में सोते समय धारदार हथियारों से निर्मम हत्या कर दी गई थी। सुबह 112 सेवा पर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम के साथ साक्ष्य एकत्र किए गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए शहडोल रेंज की पुलिस उपमहानिरीक्षक सविता सोहाने द्वारा 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

 

जांच में सामने आया कि मृतक राजेन्द्र पटेल ने वर्षों पूर्व पहली पत्नी को छोड़कर दूसरा विवाह किया था। पहली पत्नी से जन्मा पुत्र आलोक उर्फ सूरज पटेल (18) पिता और सौतेली मां के व्यवहार से आक्रोशित था। संपत्ति को लेकर हुए विवाद और पारिवारिक तनाव के चलते उसने अपने नाबालिग साथियों के साथ हत्या की साजिश रची। योजना के तहत 9–10 दिसंबर की दरम्यानी रात आरोपियों ने कुल्हाड़ी, वसूला, लाठी व सिलबट्टे से हमला कर राजेन्द्र पटेल और सीमा बैगा की हत्या कर दी, जबकि रूपा पटेल गंभीर रूप से घायल हो गई, जिनका उपचार जारी है।

 

पुलिस ने इस मामले में आलोक उर्फ सूरज पटेल सहित दो नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा हत्या में प्रयुक्त हथियार व मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। शेष फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें छत्तीसगढ़ भेजी गई हैं।

 

घटना के सफल खुलासे पर पुलिस अधीक्षक द्वारा कोतवाली पुलिस व साइबर सेल की टीम को घोषित इनाम देने की घोषणा की गई है।

Leave a Comment