पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल भालूमाड़ा में कैरियर मेले का दूसरा दिन, विशेषज्ञों के मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को मिली नई प्रेरणा
भालूमाड़ा। पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल भालूमाड़ा, जिला अनूपपुर में आयोजित कैरियर मेला 2026 के दूसरे दिन भी शैक्षणिक एवं प्रेरणादायक वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम के दूसरे दिन की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन के साथ की गई। दीप प्रज्वलन थाना प्रभारी भालूमाड़ा विपुल शुक्ला, जिला मीडिया प्रभारी भाजपा अनूपपुर राजेश सिंह एवं वरिष्ठ पत्रकार सुरेश शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया
इस अवसर पर थाना प्रभारी विपुल शुक्ला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सही कैरियर का चयन अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच से ही संभव है। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा एवं सुरक्षा से जुड़े क्षेत्रों में युवाओं के लिए व्यापक अवसर उपलब्ध हैं, इसके लिए लक्ष्य के प्रति समर्पण आवश्यक है
जिला मीडिया प्रभारी भाजपा अनूपपुर राजेश सिंह ने कहा कि शिक्षा राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत आधारशिला है। विद्यार्थियों को कैरियर मेले से प्राप्त जानकारी का सही उपयोग कर अपने भविष्य की दिशा स्वयं तय करनी चाहिए
वरिष्ठ पत्रकार सुरेश शर्मा ने पत्रकारिता एवं मीडिया क्षेत्र की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह क्षेत्र जिम्मेदारी और सामाजिक सरोकारों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी
विद्यालय के प्राचार्य सतीश सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि कैरियर मेला विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन देने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय विज्ञान, तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का है, ऐसे में विद्यार्थियों को समय के अनुरूप स्वयं को तैयार करना चाहिए। कक्षा 10वीं एवं 12वीं के बाद उपलब्ध शैक्षणिक, तकनीकी और व्यावसायिक विकल्पों की विस्तृत जानकारी दी गई
कार्यक्रम के दूसरे दिन भी छात्र-छात्राओं में उत्साह देखने को मिला। मार्गदर्शन सत्रों से विद्यार्थियों को कैरियर चयन में स्पष्ट दिशा मिली। कैरियर मेला अपने उद्देश्य की पूर्ति की ओर सफलतापूर्वक अग्रसर है








