एसईसीएल का 41वां स्थापना दिवस सोल्लासपूर्ण तरीके से मनाया गया
“एसईसीएल को फिर देश की नंबर 1 कोयला कंपनी बनाएंगे” — सीएमडी हरीश दुहन
बिलासपुर। एसईसीएल ने 25 नवंबर 2025 को अपना 41वां स्थापना दिवस मुख्यालय परिसर में अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ मनाया। मुख्य कार्यक्रम का आयोजन नव-निर्मित ऑडिटोरियम में किया गया, जिसकी अध्यक्षता कंपनी के सीएमडी हरीश दुहन ने की। उनके साथ स्वतंत्र निदेशक, निदेशक मंडल के सदस्य, पूर्व सीएमडी, पूर्व निदेशकगण, एसईसीएल संचालन समिति, कल्याण समिति, सुरक्षा समिति, सिस्टा–कौंसिल, ओबीसी एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा विभिन्न क्षेत्रों से आए अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में सीएमडी दुहन ने कहा—
“1985 से एसईसीएल देश की ऊर्जा सुरक्षा का मजबूत स्तंभ रहा है। हमारी विरासत उपलब्धियों से भरी है। लक्ष्य है कि एसईसीएल को एक बार फिर देश की नंबर 1 कोयला कंपनी बनाया जाए। सुरक्षित खनन, सतत विकास और कोयलांचल परिवार का कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का शाल, श्रीफल और पुष्पहार से सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान सीएमडी द्वारा मुख्यालय में ध्वज फहराया गया तथा शहीद स्मारक एवं खनिक प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
स्थापना दिवस पर विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कार वितरित किए गए। इस अवसर पर एसईसीएल पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन और कंपनी की नई वेबसाइट का अनावरण भी किया गया।
स्वागत भाषण महाप्रबंधक (वित्त) सीडीएन सिंह ने दिया तथा धन्यवाद ज्ञापन वरीय प्रबंधक (राजभाषा) दिलीप सिंह ने किया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान हुआ


















