बिना बताए जम्मू-कश्मीर गया युवक डेढ़ साल बाद बरबसपुर से सकुशल मिला
रिपोर्ट @संतोष चौरसिया
राजेन्द्रग्राम/अनूपपुर | ग्राम बरबसपुर थाना राजेन्द्रग्राम निवासी एक युवक, जो जुलाई 2023 में बिना किसी को सूचित किए मजदूरी करने जम्मू-कश्मीर चला गया था, आखिरकार डेढ़ साल बाद वापस मिल गया। परिजनों द्वारा युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, जिस पर थाना राजेन्द्रग्राम द्वारा गुम इंसान क्रमांक 09/2024 पर प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई थी।
सूचनाकर्ता प्यारे लाल चन्द्रवंशी पिता स्व. हीरा लाल चन्द्रवंशी (उम्र 50 वर्ष) निवासी ग्राम बरबसपुर ने पुलिस को जानकारी दी थी कि उनका बेटा रमेश (परिवर्तित नाम) जुलाई 2023 में घर से बिना बताए मजदूरी के लिए निकला था और उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला।
लगातार खोजबीन और प्रयासों के बाद दिनांक 06 अगस्त 2025 को युवक को ग्राम बरबसपुर से ही सकुशल दस्तयाब कर लिया गया। इस सफलता में अनूपपुर के पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एस.डी.ओ.पी. पुष्पराजगढ़ के मार्गदर्शन और निर्देशन में थाना राजेन्द्रग्राम के निरीक्षक एस.पी. शुक्ला, सहायक उप निरीक्षक दीपचंद बर्मन तथा आरक्षक दुर्गेश सिन्द्राम की विशेष भूमिका रही।
पुलिस की इस तत्परता और समर्पण की ग्रामीणों ने सराहना की है।

















