जज के बंगले से चंदन पेड़ की चोरीः गिरोह का सदस्य इलियास महाराष्ट्र से गिरफ्तार
खंडवा। चंदन पेड़ की चोरी करने वाले गिरोह को गिरफ्तार करने में एमपी पुलिस को सफलता मिली है। चंदन चोर गिरोह का सदस्य महाराष्ट्र से गिरफ्तार हुआ है। आरोपी ने जज के बंगले से चंदन का पेड़ चुराया था।
खंडवा में सिविल लाइन क्षेत्र में जज के घर से चंदन चुराने वाली गैंग का तीसरा सदस्य दो साल बाद महाराष्ट्र से गिरफ्तार हुआ है। आरोपी का नाम इलियास पिता नजीर खां निवासी महोली अड़गांव जिला औरंगाबाद महाराष्ट्र है। दो साल पहले इलियास और उसके साथियों ने जज के बंगले में घुसकर चंदन का पेड़ चुराया था। गैंग के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही थी।
दो आरोपी पूर्व में गिरफ्तार हो चुके हैं। तीसरे साथी इलियास की लोकेशन उसके गांव में मिली तो टीम ने दबिश देकर उसे भी पकड़ लिया। इलियास को कोर्ट में पेश किया। जहां से पुलिस रिमांड मिली है। रिमांड के दौरान उससे उसके साथियों के बारे में पूछताछ की जाएगी।