जिला मुख्यालय में सड़क की दुर्दशा, वार्ड 13-14 के बीच खमपरिया तालाब के पास रोड सालों से बदहाल
अनूपपुर। जिला मुख्यालय के खमपरिया तालाब के पास वार्ड क्रमांक 13 और 14 के बीच की सड़क लंबे समय से खराब हालत में पड़ी हुई है। आए दिन गड्ढों और कीचड़ के कारण स्थानीय नागरिकों, स्कूली बच्चों तथा वाहनों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार नगर पालिका को इस समस्या की जानकारी दी गई, लेकिन आज दिनांक तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई। स्थिति इतनी खराब है कि बरसात में सड़क तालाब जैसी हो जाती है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
नागरिकों ने सवाल उठाया है कि जब जिला मुख्यालय की मुख्य बस्ती की सड़कें ही इस हाल में हैं, तो नगर पालिका की जिम्मेदारी और कार्यप्रणाली पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा होता है। आखिर बच्चों और आमजन के जीवन से खिलवाड़ की जिम्मेदारी कौन लेगा?
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तुरंत सड़क की मरम्मत कराए जाने की मांग की है।


















