अनूपपुर।
हरद ओसीएम की बंद खदान में गहरे पानी में फंसी एक महिला को भालूमाड़ा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के दौरान महिला को जीवित निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राधाबाई केवट (47 वर्ष), पति गोपाल केवट, निवासी कोडारी नंबर दो, थाना रामनगर, किसी कारणवश हरद ओसीएम की बंद खदान में गहरे पानी में चली गई थीं। सूचना मिलते ही भालूमाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जोखिम भरे हालात के बावजूद तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया।
पुलिस टीम ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया। महिला की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इस साहसिक और मानवीय कार्य के लिए स्थानीय नागरिकों ने भालूमाड़ा पुलिस की जमकर सराहना की है। पुलिस की तत्परता से एक परिवार की खुशियां बच गईं।


















