रिपोर्टर अबरार पठान
लापता युवक शिवम वर्मा का शव पांचवें दिन ग्राम बालसमुद के खेत में मिला
नटराज ढाबे के पास कपास की फसल में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
कसरावद। पांच दिन पहले लापता हुआ युवक शिवम वर्मा अब मृत अवस्था में मिला है। युवक का शव बालसमुद गांव के पास हाइवे 347 सी पर नटराज ढाबे के समीप एक खेत में कपास की फसल के बीच मिला।
सुबह खेतों में काम करने पहुंचे मजदूरों ने शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।सूचना पर एसआई जितेंद्र कवचे और एसआई अजय भाटी मौके पर पहुंचे, पंचनामा बनाया और शव को कसरावद अस्पताल भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार, शिवम वर्मा पिता अशोक वर्मा, उम्र 28 वर्ष, निवासी नया नगर वार्ड क्रमांक 03 कसरावद, सोमवार सुबह मजदूरी पर जाने का कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने मंगलवार को कसरावद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
आज सुबह शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई, मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि मौत का कारण अभी अज्ञात बताया जा रहा है।


















