मनेन्द्रगढ़। रामनवमी के पावन अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा के दौरान श्रीराम भक्तों का सिख समाज मनेन्द्रगढ़ द्वारा पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ वंदन-अभिनंदन कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर शोभायात्रा में रथ पर विराजमान भगवान श्रीराम का सिख समुदाय द्वारा माल्यार्पण कर सम्मान किया गया तथा मिष्ठान प्रसाद अर्पित कर अपनी आस्था व्यक्त की गई।
मुख्य बाजार स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा के सामने सिख समाज के अनुयायियों ने शोभायात्रा में शामिल विशाल जनसमुदाय के लिये स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की। श्रद्धालुओं को प्रेमपूर्वक प्रसाद वितरण कर सेवा भावना का परिचय दिया गया जिससे पूरे वातावरण में भाईचारे और सद्भाव का संदेश प्रसारित हुआ।
इस दौरान सरदार गुरबचन सिंह चावला, बलवीर सिंह अरोड़ा, नरेंद्र अरोड़ा, गुरचरण सिंह कालरा, हरविंदर सिंह अरोड़ा, परमजीत सिंह कोहली, सुरेंद्र पाल सिंह मखीजा, बंटी चावला, अमन अरोड़ा, चंकी मखीजा, सुरेंद्र सिंह सलूजा, आशु चावला, रविंद्र सिंह अरोड़ा, जसपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग उपस्थित रहे साथ ही गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के ज्ञानी जी एवं सेवादारों की भी सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम ने सामाजिक एकता, भाईचारे और परस्पर सम्मान की एक सुंदर मिसाल प्रस्तुत की, जिसे उपस्थित जनसमुदाय ने सराहा।









