रामनगर पुलिस की रात्रि कॉम्बिंग गश्त, 6 वारंटियों पर कार्रवाई
अनूपपुर। जिले में फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना रामनगर पुलिस ने रात्रि कॉम्बिंग गश्त कर छह वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंटों की तामील करते हुए तीन स्थायी गिरफ्तारी वारंट, एक वसूली वारंट तथा दो गिरफ्तारी वारंट पर कार्रवाई करते हुए संबंधित आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार कॉम्बिंग गश्त के दौरान स्थायी वारंटी पप्पू चौधरी निवासी सेमरा (धारा 13 जुआ एक्ट), पूरन प्रसाद उर्फ गंगा कॉल निवासी राम मंदिर (धारा 323, 506, 34 भादवि) तथा सम्राट कॉल निवासी आरटीओ बैरियर रामनगर (धारा 13 जुआ एक्ट) को गिरफ्तार किया गया। वहीं भुवनेश्वर केवट निवासी आमडाड के विरुद्ध पत्नी के भरण-पोषण संबंधी प्रकरण में न्यायालय से जारी वसूली वारंट तामील किया गया। इसके अलावा रवि प्रकाश केवट निवासी रेवउदा तथा छबलु बंसल निवासी आमडाड के विरुद्ध धारा 13 जुआ एक्ट के तहत जारी गिरफ्तारी वारंट पर भी कार्रवाई की गई।
पुलिस द्वारा यह कार्रवाई क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा फरार आरोपियों को पकड़ने के उद्देश्य से की गई। कॉम्बिंग गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की गई और क्षेत्र में सघन निगरानी रखी गई।
इस अभियान में थाना प्रभारी सुमित कौशिक के नेतृत्व में विनोद नाहर, खलखो, अमित पटेल, अनुराग भार्गव, अनुराग सिंह, भानुप्रताप और सुशील की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि फरार वारंटियों के खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






