संगठन को मजबूती देने की दिशा में अहम निर्णय
एमसीबी/मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ द्वारा संगठनात्मक विस्तार और मजबूती के उद्देश्य से जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया है। इस क्रम में प्रदेश अध्यक्ष अजीत दुबे के आदेशानुसार तथा जिला अध्यक्ष जगदेव सिंह के नेतृत्व में मनेन्द्रगढ़ वनमंडल में पदस्थ रामायण तिवारी को जिला महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रामायण तिवारी लंबे समय से संगठन से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं और वन कर्मचारियों के अधिकारों, समस्याओं और हितों को लेकर निरंतर संघर्षरत रहे हैं। उनकी कार्यशैली, कर्मचारियों के प्रति समर्पण, लोकप्रियता और संगठनात्मक समझ को देखते हुए संघ ने उन्हें यह अहम दायित्व प्रदान किया है। संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों का मानना है कि रामायण तिवारी के अनुभव और नेतृत्व क्षमता से जिले में संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। जानकारी के अनुसार रामायण तिवारी कॉलेज छात्र राजनीति से भी सक्रिय रहे हैं जहां उन्होंने संगठनात्मक कार्यों में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। उनके करीबी बताते हैं कि वे सदैव निष्पक्ष निर्णय लेते हैं और कठिन एवं विषम परिस्थितियों में भी धैर्यपूर्वक समाधान निकालने की क्षमता रखते हैं जो उन्हें एक सशक्त संगठनकर्ता बनाती है।
जिला महामंत्री नियुक्त किये जाने पर रामायण तिवारी ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ ने जो विश्वास और जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है। उस पर वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वे वन कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाएंगे और उनके अधिकारों की रक्षा के लिये सदैव तत्पर रहेंगे साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और कर्मचारियों को एकजुट करने के लिये निरंतर प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर श्री तिवारी ने प्रदेश अध्यक्ष अजीत दुबे, प्रदेश महामंत्री तरुण रजक, जिला अध्यक्ष जगदेव सिंह सहित प्रदेश के समस्त शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार और धन्यवाद ज्ञापित किया है। संगठन के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने भी श्री तिवारी को नई जिम्मेदारी के लिये शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।


















