रक्षाबंधन पर्व 09 अगस्त को जिला जेल के बंदियों को बहनें बांध सकेगी राखी
जेल प्रशासन ने मुलाकात के संबंध में जारी की गाईडलाईन
अनूपपुर 7 अगस्त 2025/ जिला जेल अनूपपुर में 09 अगस्त 2025 को रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर भाई-बहनों के खुली मुलाकात हेतु दिशानिर्देश जारी किया गया है। उक्ताशय की जानकारी देते हुए जिला जेल के उप जेल अधीक्षक श्री इन्द्रदेव तिवारी ने बताया है कि जिला जेल में मुलाकात हेतु परिजनों के नाम प्रातः 9ः00 बजे से दोपहर 2ः00 बजे तक लिखे जाएंगे,
इसके पश्चात् मुलाकात हेतु अनुरोध स्वीकार नही किया जाएगा। उन्होंने मुलाकात हेतु आई बहनों से अनुरोध किया है कि जेल की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए कोई भी प्रतिबंधित सामग्री जैसे रुपये पैसे, मोबाईल, कोई भी मादक पदार्थ आदि लेकर न आएं। किसी भी प्रकार की बाहरी सामग्री के साथ प्रवेश नही दिया जाएगा।
केवल जेल केंटीन से राखी, मिठाई 250 ग्राम, कुमकुम, फल एवं रुमाल ही स्वीकार की जाएगी, जो जेल केंटीन से निर्धारित राशि भुगतान कर प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने मुलाकात हेतु आई बहनों से अनुरोध की है कि मुलाकात में सहयोग प्रदान करें एवं किसी भी प्रकार से अव्यवस्था उत्पन्न न करें, अन्यथा संबंधित को मुलाकात से वंचित होना पड़ेगा।

















