राखी मेला उत्सव भोपाल में जिले के उत्पादों को मिली प्रशंसा
भोपाल हाट परिसर में समूह सदस्यों ने मनाया परंपरा एवं उद्यम का त्यौहार
अनूपपुर 7 अगस्त 2025/ 5 अगस्त से 7 अगस्त तक मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन व पंचायत ग्रामीण विकास विभाग के तत्वाधान में राखी मेला उत्सव का आयोजन भोपाल हाट परिसर में किया गया। जिसमें मध्यप्रदेश में स्व सहायता समूहों द्वारा निर्मित विभिन्न आजीविका उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें अनूपपुर, भोपाल, रायसेन, छिंदवाड़ा, सीधी, रीवा, बुरहानपुर, बैतूल एवं अन्य जिले शामिल थे। इस तीन दिवसीय आयोजन का शुभारंभ मध्यप्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री श्री प्रहलाद पटेल द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन श्रीमती हर्षिता सिंह एवं आजीविका मिशन व पंचायत ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया।
प्रदर्शनी में अनूपपुर जिला अंतर्गत स्व सहायता समूहों द्वारा एक जिला एक उत्पाद अंतर्गत कोदो मिलेट एवं कोदो कुकीज़,कोदो नमकीन एवं गोंडी पेंटिंग के स्टाल आकर्षण का केंद्र रहे। आगंतुकों ने उक्त स्टाल का अवलोकन कर प्रदर्शित उत्पादों की प्रशंसा की एवं खरीददारी भी की। आजीविका मिशन के जिला परियोजना प्रबंधक श्री शशांक प्रताप सिंह ने बताया कि कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली के नेतृत्व में स्व सहायता समूहों के आर्थिक स्वावलंबन हेतु सतत रुप से प्रयास किये जा रहे हैं। जिसके परिणामस्वरूप जिले के समूहों द्वारा विभिन्न आजीविका गतिविधियों के माध्यम से उत्पादों का निर्माण किया जा रहा है। राखी मेला के माध्यम से जिले के स्व सहायता समूह सदस्यों को स्वरोजगार एवं आजीविका उत्पादों के लिए बेहतर मार्केटिंग के अवसर प्राप्त हुए है।
उक्त तीन दिवसीय मेले में जिले से श्री दीपक मोदनवाल के नेतृत्व में जीवनदायिनी संकुल संगठन से श्रीमती उर्मिला परस्ते एवं श्रीमती प्रमिला सिंह व गोंडी चित्रकला स्व सहायता समूह से श्रीमती रीता श्याम व मिशन टीम से श्री संजय बिस्वास ने प्रतिभाग किया।


















