विद्युतगृह चचाई में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
ड्यूटी के दौरान सोते सुरक्षा गार्ड का वीडियो वायरल, अधिकारियों पर गंभीर आरोप
अनूपपुर। अमरकंटक ताप विद्युत गृह चचाई में तैनात एक सरकारी सुरक्षा गार्ड का ड्यूटी के दौरान सोते हुए बनाया गया वीडियो वायरल होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। वायरल वीडियो के साथ कई आरोप भी सामने आए हैं, जिनमें ड्यूटी के दौरान शराब सेवन, अन्य सैनिकों से शराब की मांग, और अधिकारियों द्वारा निजी सुरक्षाकर्मियों से 18 से 24 घंटे तक लगातार ड्यूटी करवाने जैसी बातें शामिल हैं
आरोपों के अनुसार सुरक्षा अधिकारी रामनारायण राठौर और सुपरवाइजर रामनिवास राठौर (भूतपूर्व सैनिक) पर जवानों के साथ दुर्व्यवहार, ब्लैकमेलिंग तथा शराब उपलब्ध न कराने पर नौकरी से निकालने की धमकी देने के आरोप लगे हैं। कहा जा रहा है कि इन उत्पीड़नपूर्ण परिस्थितियों के कारण पिछले दो वर्षों में 40 से अधिक सुरक्षाकर्मी नौकरी छोड़ चुके हैं, जिनमें सुपरवाइजर संजय पांडे और अन्य कर्मचारी भी शामिल हैं
सूत्रों के अनुसार सुरक्षा अधिकारी रामनारायण राठौर पर पिछले वर्ष एक महिला कर्मचारी ने उत्पीड़न का आरोप लगाकर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं सुपरवाइजर रामनिवास राठौर पर नियम विरुद्ध 24 घंटे लगातार ड्यूटी करने, ड्यूटी के दौरान सोने और खाने-पीने का आरोप है, जिससे अन्य कर्मचारियों को कार्य निष्पादन में कठिनाई होती है
सुरक्षा इंचार्ज पर पहले भी प्लांट में चोरी की घटनाओं में मिलीभगत के आरोप लग चुके हैं। कर्मचारियों के मुताबिक, अधिकारी अक्सर यह कहते सुने गए कि उनकी “जबलपुर तक ऊँची पकड़” है, इसलिए उनका कुछ नहीं बिगड़ेगा—जिससे जवानों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। ऐसे मामलों की वजह से सेवानिवृत्त सैनिकों की छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और नए प्लांट की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं
इस संबंध में सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार कनौजिया ने कहा,
“हमें इस मामले की जानकारी नहीं थी। आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षा कर्मियों से 18 से 24 घंटे ड्यूटी कराई जाती है, जिसका कोई मानदेय नहीं होता। फिर भी हम पूरी जांच कराएंगे
घटना के बाद कर्मचारियों ने उच्च प्रबंधन से उचित कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की है


















