रिपोर्टर – शशिधर अग्रवाल
अनूपपुर।
अनूपपुर वन मंडल में प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी अनुभूति कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को प्रकृति और वनों के संरक्षण से जोड़ने के उद्देश्य से शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में वन मंडल स्तरीय अनुभूति प्रेरकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर किरर में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण शिविर में उप मंडलाधिकारी अनूपपुर लाल सुधाकर सिंह ने कहा कि अनुभूति कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को सीमित समय में सहज और प्रभावी तरीके से प्रकृति, वन एवं पर्यावरण संरक्षण की जानकारी दी जानी है। इसके लिए चयनित प्रेरकों को शिविरों से पूर्व पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए गए।
शहडोल से आए मास्टर ट्रेनर एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी रामनरेश विश्वकर्मा ने बताया कि वन विभाग एवं मध्यप्रदेश ईको टूरिज्म विकास बोर्ड द्वारा वर्ष 2016-17 से अनुभूति कार्यक्रम लगातार संचालित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं को वनों, वन्यजीवों और जैव विविधता से जोड़ते हुए जन-जागरूकता उत्पन्न की जाती है।
उन्होंने बताया कि शिविरों के दौरान बच्चों को वन भ्रमण कराया जाएगा, जिसमें पेड़-पौधों, वन्य प्राणियों, पक्षियों, तितलियों एवं वन औषधियों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही वन संरक्षण से संबंधित प्रतियोगिताएं आयोजित कर बच्चों को पुरस्कार भी दिए जाएंगे। शिविरों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा बच्चों के स्वास्थ्य व सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशिक्षण के दौरान सेवा निवृत्त सहायक वन संरक्षक ओ.जी. गोस्वामी एवं पी.के. खत्री, प्रेरक शशिधर अग्रवाल, शिवदत्त पांडेय, वनरक्षक एवं प्रेरक कुंदन शर्मा ने भी अपने विचार रखे।
इस अवसर पर वन परिक्षेत्राधिकारी अनूपपुर स्वर्ण गौरव सिंह, राजेंद्रग्राम से शिवम कोष्ठी, कोतमा से हरीश प्रसाद तिवारी, बिजुरी से पवन ताम्रकार, प्रशिक्षु वन परिक्षेत्राधिकारी गौरव दुबे सहित वन मंडल के सभी वन परिक्षेत्रों के शासकीय एवं अशासकीय प्रेरक उपस्थित रहे।


















