डबरा में राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त की 139वीं जयंती पर होगा भव्य आयोजन
श्री गहोई वैश्य नव युवक मंडल के तत्वाधान में तैयारियों को अंतिम रूप, वरिष्ठजनों की उपस्थिति में हुई अहम बैठक
डबरा, संवाददाता भरत रावत, दिनांक 03, 08,2025
डबरा।। डबरा शहर एक बार फिर ऐतिहासिक और सांस्कृतिक आयोजन का गवाह बनने जा रहा है। राष्ट्रकवि डॉ. मैथिलीशरण गुप्त की 139वीं जयंती के उपलक्ष्य में श्री गहोई वैश्य नव युवक मंडल डबरा के तत्वाधान में कल रविवार, 3 अगस्त 2025 को एक भव्य सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन शहनाई गार्डन, ठाकुर बाबा रोड पर किया जाएगा।
इस भव्य आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए समाज के सभी वरिष्ठजनों की उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता गहोई वैश्य समाज डबरा के अध्यक्ष श्री मुन्नालाल गुप्ता ने की। बैठक में कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने पर चर्चा हुई और सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
बैठक के दौरान यह तय किया गया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे एक विशाल बाइक रैली से होगी, जो डबरा के प्रमुख मार्गों से होती हुई साहित्यिक चेतना का संदेश देगी। इसके पश्चात सायं 7 बजे शहनाई गार्डन में चल समारोह एवं मुख्य कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें अतिथियों का स्वागत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और सम्मान समारोह शामिल होगा।
इस तैयारी बैठक में समाज के दर्जनों वरिष्ठ और युवा सदस्य मौजूद रहे। प्रमुख रूप से नवल कुचिया, कैलाश सरावगी, विजय बिलैया, विकास तीतविलासी समेत आधा सैकड़ा से अधिक समाजबंधु उपस्थित रहे। बैठक में सभी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक और प्रेरणास्पद बनाने हेतु उत्साहपूर्वक अपने विचार साझा किए।
समारोह की संपूर्ण तैयारियों की बागडोर गहोई नव युवक मंडल के अध्यक्ष कपिल बिलैया एवं स्वागताध्यक्ष युवा नेता विकास तीतविलासी के हाथों में है। उनकी अगुवाई में समाज का यह आयोजन न सिर्फ साहित्य और संस्कृति के प्रति सम्मान का प्रतीक होगा, बल्कि युवाओं को प्रेरित करने वाली मिसाल भी बनेगा।
मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक सुरेश राजे, पूर्व मंडी अध्यक्ष मुकेश (बंटी) गौतम और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राधेश्याम कुचिया समारोह में शिरकत करेंगे। अध्यक्षता मुन्नालाल डेंगरे द्वारा की जाएगी।
गहोई समाज द्वारा इस स्तर का आयोजन डबरा क्षेत्र में सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक चेतना का अद्भुत उदाहरण बनने जा रहा है। आयोजन समिति ने समस्त नगरवासियों और समाजबंधुओं से समय पर उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक अवसर की शोभा बढ़ाने की अपील की है।
स्थान – शहनाई गार्डन, ठाकुर बाबा रोड, डबरा
समय – सायं 7.00 बजे
तिथि – रविवार, 3 अगस्त 2025


















