अनूपपुर जबलपुर इंदौर भोपाल मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी बैकुंठपुर रायपुर

मनेन्द्रगढ़ स्नेक सेवर टीम के प्रहलाद पाण्डेय को मिली बड़ी जिम्मेदारी

By Santosh Chaurasiya

Published on:

WhatsApp Group Join Now

एमसीबी जिले का नाम हो रहा रोशन

 

एमसीबी। जिले में मानव और वन्यजीवों के बीच बढ़ते टकराव के बीच राहत और सुरक्षा का भरोसेमंद नाम बन चुकी मनेन्द्रगढ़ की स्नेक सेवर टीम के संस्थापक प्रहलाद पाण्डेय को एक बड़ी और जिम्मेदारीपूर्ण उपलब्धि मिली है। वर्षों से जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में घरों, दुकानों, स्कूलों, कार्यालयों एवं अन्य प्रतिष्ठानों में निकलने वाले सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें उनके प्राकृतिक आवास जंगलों में छोड़ने का कार्य कर रही इस टीम के प्रयासों को अब राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

प्रहलाद पाण्डेय द्वारा बेज़ुबान जीवों के संरक्षण के लिए किये जा रहे निस्वार्थ, सतत और साहसिक कार्यों को देखते हुए ऑल इंडिया वाइल्ड लाइफ रेस्क्यूअर ग्रुप (ट्रस्ट) ने उन्हें प्रेसिडेंट ऑफ छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी सौंपी है। इस पद के माध्यम से वे अब प्रदेशभर में वन्यजीव रेस्क्यू, जागरूकता और संरक्षण से जुड़े कार्यों का मार्गदर्शन करेंगे। बताया जाता है कि प्रहलाद पाण्डेय और उनकी टीम को अब तक सैकड़ों नहीं बल्कि हजारों सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू करने का अनुभव है। खास बात यह है कि रेस्क्यू के दौरान मानव सुरक्षा के साथ-साथ जीवों को बिना नुकसान पहुंचाए उन्हें प्राकृतिक वातावरण में छोड़ा जाता है। इससे ना केवल लोगों में भय कम हुआ है बल्कि वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि विषैले और अविषैले सांपों की पहचान, वैज्ञानिक तरीके से रेस्क्यू और त्वरित प्रतिक्रिया के कारण स्नेक सेवर टीम पर लोगों का भरोसा लगातार बढ़ा है। कई बार आपात स्थिति में रात के समय भी टीम मौके पर पहुंचकर अपनी सेवाएं देती है। इस उपलब्धि पर जिले के सामाजिक संगठनों, पर्यावरण प्रेमियों और आम नागरिकों ने प्रहलाद पाण्डेय को बधाई दी है। स्नेक सेवर टीम ने भी इस सम्मान को पूरी टीम, वरिष्ठजनों के आशीर्वाद और क्षेत्रवासियों के सहयोग का परिणाम बताते हुए सभी का आभार व्यक्त किया है।

टीम ने कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक जिम्मेदारी और समर्पण के साथ वन्यजीव संरक्षण के कार्य को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देगा ताकि मानव और प्रकृति के बीच संतुलन बना रहे और बेज़ुबान जीवों की रक्षा सुनिश्चित हो सके।

खबरों को शेयर कीजिए। धन्यवाद

Leave a Comment