एसआईआर को हल्के में लेना भविष्य में पड़ सकता है भारी
एमसीबी। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल की निदेशिका और युवा कांग्रेस नेत्री पूनम सिंह ने मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को लेकर एक महत्वपूर्ण अपील जारी की है। उन्होंने कहा कि एसआईआर सिर्फ एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं बल्कि हर नागरिक की पहचान और अधिकार से जुड़ा सबसे अहम पहलू है जिसे मज़ाक में लेना आने वाले समय में बड़ी परेशानी का कारण बन सकता है।
पूनम सिंह ने बताया कि वर्ष 2025 की सर्वे सूची इसी पुनरीक्षण के आधार पर तैयार होगी और आने वाले वर्षों में मतदान से लेकर सरकारी योजनाओं, प्रमाण-पत्रों और दस्तावेजों में भी यही अद्यतन सूची महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि यदि तय समय सीमा में लोग अपने परिवार के सदस्यों के फॉर्म भरकर जमा नहीं कराते और बीएलओ उन्हें ऑनलाइन अपडेट नहीं कर पाते हैं तो कई लोग भविष्य में मतदाता सूची से बाहर हो सकते हैं। इससे ना केवल मतदान का अधिकार प्रभावित होगा बल्कि कई सरकारी सुविधाएँ भी बाधित हो सकती हैं।
पूनम सिंह ने जिले के नागरिकों को प्रेरित करते हुए कहा की यह सिर्फ एक फॉर्म नहीं बल्कि आपका अधिकार, आपकी पहचान और भविष्य की तैयारी है। समय निकालें, परिवार और आसपास के लोगों के फॉर्म भरवाएं और उन्हें बीएलओ तक पहुंचाएं। अंत में उन्होंने कहा की
आज का आपका छोटा सा कदम, कल की बड़ी दिक्कतों से आपको बचा सकता है।


















