अनूपपुर जबलपुर इंदौर भोपाल मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी बैकुंठपुर रायपुर

बैगा आदिवासी परिवारों के मकान ढहाए जाने पर सियासी तूफ़ान तेज

By Santosh Chaurasiya

Published on:

WhatsApp Group Join Now

प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज बोले स्वास्थ्य मंत्री के क्षेत्र में ऐसी अमानवीयता निंदनीय

जिम्मेदारों को चैन से नहीं रहने देंगे

 

एमसीबी/खड़गवां/रतनपुर। संरक्षित बैगा जनजाति के परिवारों के मकान ढहाए जाने की घटना ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश की लहर पैदा कर दी है। बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज स्वयं रतनपुर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशासन के इस कदम को क्रूर, अमानवीय और असंवैधानिक बताते हुए कहा कि यह घटना स्वास्थ्य मंत्री के ही क्षेत्र में होना और भी अधिक गंभीर है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बैगा जनजाति राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र है और उनकी सुरक्षा और सम्मान सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी है। इसलिए इस पूरे मामले की जानकारी राष्ट्रपति को भी भेजी जाएगी।

बैज ने बेहद सख्त शब्दों में चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को न्याय, राहत और पुनर्वास उपलब्ध नहीं कराया तो कांग्रेस के लोग अधिकारी आवासों के बाहर धरना देंगे और जिनके निर्णय से घर तोड़े गये हैं उन्हें भी चैन से नहीं रहने दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के संरक्षित जनजाति के बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को खुले आसमान के नीचे छोड़ देना संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है और यह मानवता के खिलाफ अपराध है। बैज ने कहा कि सरकार को पहले पुनर्वास, सुरक्षा, आवास और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिये थीं लेकिन इसके उलट अचानक बिना किसी नोटिस के मकान ढहा दिये गये, जो कानून और आदिवासी संरक्षण नियमों का खुला उल्लंघन है।

पीड़ित परिवारों ने बताया कि वे कई वर्षों से उसी स्थान पर रह रहे थे लेकिन अचानक की गई कार्यवाही में उनका पूरा घर उजड़ गया। घर का सामान, किताबें, कापियाँ, पंखे, अलमारी सब खुले में बिखरे पड़े हैं। बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह बाधित हो गई है और ना भोजन–पानी की व्यवस्था है और ना ही रहने की। आरोप है कि प्रशासन ने ना नोटिस दिया। ना कोई वैकल्पिक व्यवस्था और ना ही कोई सहायता प्रदान की। कांग्रेस ने तत्काल राहत सामग्री, सुरक्षित आवास, उचित मुआवज़ा और इस कार्यवाही के लिये जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर दंडात्मक कार्यवाही की मांग की है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह मामला सिर्फ राजनीति का नहीं बल्कि मानवता और न्याय का है। बैज ने दोहराया कि यदि पीड़ितों को न्याय नहीं मिला तो कांग्रेस बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी और सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ी जायेगी।

निरीक्षण के दौरान दीपक बैज के साथ पूर्व विधायक गुलाब कमरों, पूर्व विधायक डॉ. विनय जायसवाल, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे, जिला अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, राजकुमार केशरवानी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

खबरों को शेयर कीजिए। धन्यवाद

Leave a Comment