केल्हारी में पुलिस ने चलाया यातायात और नशा मुक्ति जागरूकता अभियान
ग्रामीण क्षेत्रों में बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों की संख्या अधिक ,केल्हारी पुलिस ने दी समझाइश
एमसीबी। जिले के केल्हारी में शनिवार को साप्ताहिक बाजार के अवसर पर थाना प्रभारी टिकेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा यातायात जनजागरूकता और नशा मुक्ति अभियान चलाया गया। साप्ताहिक बाजार में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस ने मौके का उपयोग लोगों को सड़क सुरक्षा और नशे से दूर रहने का संदेश देने के लिए किया।
अभियान के दौरान थाना प्रभारी टिकेश्वर यादव ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण लापरवाही और नशे में वाहन चलाना है। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से अपील की कि वे हमेशा हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें। नशे की हालत में वाहन ना चलायें और अपने बच्चों को भी यातायात नियमों की जानकारी दें।
पुलिस टीम ने मौके पर दोपहिया वाहन चालकों की जांच भी की। जांच के दौरान यह सामने आया कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकतर लोग बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चला रहे हैं। इस पर थाना प्रभारी ने उन्हें समझाइश दी और शीघ्र लाइसेंस बनवाने की सलाह दी साथ ही यह भी बताया गया कि नियमों का उल्लंघन करने पर आगे सख्त कार्यवाही की जायेगी।
अभियान में पुलिसकर्मियों ने बैनर और पोस्टर के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया। इसमें सेफ ड्राइव, सेव लाइफ, नशा त्यागो, जीवन संवारो जैसे संदेश लिखे थे। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से होने चाहिए ताकि लोग यातायात नियमों का पालन करें और सड़क हादसों में कमी आये।
थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों में भी इस तरह के जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे ताकि युवाओं में सुरक्षित वाहन संचालन और नशा मुक्ति के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो सके।


















