पसान में कड़ाके की ठंड, लोग ठिठुर रहे — नगर पालिका पर उठे सवाल
जनता की मांग: अध्यक्ष राम अवध सिंह तत्काल मुख्य स्थानों पर अलाव की व्यवस्था कराएं
अनूपपुर। जिले में इन दिनों कड़ाके की ठंड और गलन ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है कोयलांचल क्षेत्र पसान नगर पालिका में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है, लेकिन अब तक नगर पालिका द्वारा अलाव जलाने की कोई व्यवस्था नहीं किए जाने से स्थानीय नागरिकों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है
ठंड की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने स्कूलों के समय में परिवर्तन कर दिया है और बच्चों के लिए ड्रेस कोड में छूट भी दे दी है, लेकिन नगर पालिका के स्तर पर अब तक किसी प्रकार की राहत व्यवस्था दिखाई नहीं दे रही है सुबह और रात के समय गलन की तीव्रता इतनी अधिक है कि लोग जरूरी काम से भी घर से निकलने में परेशानी महसूस कर रहे हैं
जमुना, भालूमाड़ा, पसान बाजार, बस स्टैंड, मुख्य चौक सहित कई स्थानों पर नागरिकों ने नगर पालिका अध्यक्ष राम अवध सिंह से तत्काल अलाव जलाने की व्यवस्था करने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि हर वर्ष की तरह इस बार भी ठंड पड़ने के बावजूद प्रशासन की तैयारी नदारद है
नागरिकों का कहना है कि नगर पालिका का दायित्व है कि आमजन को राहत देने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की समुचित व्यवस्था करे, ताकि मजदूर, वरिष्ठ नागरिक, राहगीर और गरीब तबके के लोग ठंड से बच सकें
पसान क्षेत्रवासियों ने चेतावनी भरे स्वर में कहा है कि यदि तुरंत अलाव की व्यवस्था नहीं की गई, तो नगर प्रशासन के प्रति जनाक्रोश बढ़ सकता है। जनता को उम्मीद है कि अध्यक्ष राम अवध सिंह स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाएंगे

















