एसआईआर प्रक्रिया की नियमित मॉनीटरिंग करने सभी पटवारियों को आदेश जारी
अनूपपुर 10 नवम्बर 2025/ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में निर्वाचन नामावली का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य जिले के सभी बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाईजर द्वारा आयोग की मंशा ‘‘कोई भी पात्र नागरिक ना छूटे और कोई भी अपात्र व्यक्ति सम्मिलित नही हो’’ के आधार पर किया जा रहा है।
इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री हर्षल पंचोली ने आदेश जारी कर कहा है कि जिले के सभी पटवारी अपने कार्य के साथ-साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की नियमित मॉनीटरिंग तथा अपने-अपने हल्का क्षेत्र के बीएलओे/बीएलओ सुपरवाईजर एवं मतदाताओं से नियमित सम्पर्क करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा है कि पटवारी अपने-अपने क्षेत्र में नियमित उपस्थित रहकर बीएलओ द्वारा गणना पत्रक वितरण की समीक्षा करेंगे एवं यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रत्येक मतदाता को गणना पत्रक उपलब्ध करा दिया गया है, मतदाता को पत्रक प्राप्त न होने की स्थिति में मतदाता को बीएलओ के माध्यम से उपलब्ध कराने में सहयोग प्रदान करेंगे।
कलेक्टर ने कहा है कि गणना पत्रक वितरण पश्चात् मतदाता द्वारा भरा हुआ गणना पत्रक बीएलओ को वापस किया जाना है, सभी पटवारी यह सुनिश्चित करेंगे कि शत-प्रतिशत वितरित फार्म भरकर बीएलओ को वापस हो जाए, भरे फॉर्म वापसी में बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे।
गणना पत्रक वितरण की समीक्षा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एवं उनके द्वारा प्रत्येक दिवस ऑनलाईन के माध्यम से की जाती है। गहन पुनरीक्षण में लगे शासकीय सेवकों की क्षेत्र में उपस्थिति की समीक्षा ई-अटेंडेन्स के माध्यम से की जाती है।
सभी पटवारी अपने क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रगति की समीक्षा करेंगे तथा कार्य में पूरी लगनशीलता के साथ सहयोग करते हुये समय-सीमा में कार्य सम्पादित किया जाना सुनिश्चित करेंगे।
कलेक्टर ने कहा है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान शासकीय सेवक निर्वाचन आयोग के अधीन है। कार्य में शिथिलता या लापरवाही की स्थिति में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 32 के तहत कार्यवाही की जायेगी।


















