मनेन्द्रगढ़ 10 जनवरी 2026
विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में सक्रिय जागृति महिला समिति द्वारा नेत्रहीन दिव्यांग शिक्षण–प्रशिक्षण विद्यालय, आमखेरवा में एक अनुकरणीय एवं संवेदनशील आयोजन किया गया। प्रातः 9 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में भीषण ठंड से बचाव हेतु 47 नेत्रहीन दिव्यांग विद्यार्थियों को कंबल व स्वेटर तथा स्टाफ सहित 60 फूड पैकेट वितरित किए गए
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों के स्वागत गीत से हुआ। इसके पश्चात सागर व साथियों की प्रस्तुति, छात्र शोभित द्वारा विभिन्न वाहनों की सायरन ध्वनियों तथा छात्र मंगलू द्वारा पशु-पक्षियों की आवाज़ों की जीवंत प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भजन “वैष्णव जन तो तेने कहिये” ने भावनात्मक वातावरण बना दिया
इस अवसर पर श्री सतीश पांडे ने विश्व हिंदी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए व्याख्यान एवं कविता पाठ किया। समिति की अध्यक्षा डॉ. सरोज बाला विश्नोई ने विद्यालय के शिक्षकों के समर्पण की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि 10 जनवरी 1975 को नागपुर में प्रथम विश्व हिंदी सम्मेलन आयोजित हुआ था, जिसकी स्मृति में यह दिवस मनाया जाता है
इस सेवा कार्य में समिति की सभी सदस्याओं का सराहनीय योगदान रहा, जिसने आयोजन को यादगार बना दिया


















