भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन जयंती पर शिवहरे समाज ने निकाली भव्य शोभायात्रा, हुआ अन्नकूट महोत्सव का आयोजन
डबरा। भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन जयंती के पावन अवसर पर शिवहरे समाज नवयुवक मंडल डबरा द्वारा रविवार को एक भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन किया गया। इस अवसर पर शहर में विशाल बाइक रैली, शोभायात्रा एवं चल समारोह का आयोजन हुआ, जो श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर से प्रारंभ होकर कटारिया चौराहा, अग्रसेन चौराहा, थाना चौराहा होते हुए तिवारी मैरिज गार्डन तक पहुंचा। मार्गभर में श्रद्धालुओं ने भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन के जयघोष के साथ समाज की एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री श्री 1008 महंत अनुरुद्धवन जी महाराज (धूमेश्वर धाम) एवं सांसद श्री भरत सिंह कुशवाह द्वारा भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन जी की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का समाज के वरिष्ठजनों ने पगड़ी, शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत-सम्मान किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष निवाड़ी श्रीमती सरोज राय, जनपद सदस्य श्री अमित राय, एएसपी दतिया श्री सुनील शिवहरे तथा एमपीपीएससी टॉपर 2024-25 श्री देवांशु शिवहरे ने उपस्थिति दर्ज की। वहीं डॉ. विवेक मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष भाजपा ग्वालियर ग्रामीण ने मुख्य मंच से समाज को संगठित होकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं एवं समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि महंत अनुरुद्धवन जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि “समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है, और यही भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन की प्रेरणा है।”
कार्यक्रम में सायं 6 बजे महा आरती का आयोजन हुआ, जिसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य, गायन एवं भजन संध्या ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। अंत में सभी समाजबंधुओं के लिए अन्नकूट महोत्सव एवं प्रसादी वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में
शुभम शिवहरे (अध्यक्ष), डायनेमिक राजू शिवहरे, जितेन्द्र शिवहरे (कोषाध्यक्ष), धर्मेन्द्र शिवहरे, कुलदीप शिवहरे एवं सतेन्द्र शिवहरे, रवि टिंकल शिवहरे का विशेष योगदान रहा।
भरत रावत, संवाददाता, डबरा


















