राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर वर्षभर मे चार चरणों में आयोजित होंगे कार्यक्रम
अनूपपुर 5 नवंबर 2025/ राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ देशभर में 7 नवंबर 2025 से 7 नवंबर 2026 तक समारोह पूर्वक आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया है।
यह निर्णय निश्चित ही भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में इस गीत की भूमिका और इसके स्थाई सांस्कृतिक विरासत के महत्व को प्रदर्शित करता है।
वंदे मातरम के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के दृष्टिगत वर्ष भर विविध गतिविधियां चार चरणों प्रथम 7 से 14 नवंबर 2025 (शुभारंभ), द्वितीय 19 से 26 जनवरी 2026 (गणतंत्र दिवस), तृतीय 7 से 15 अगस्त 2026 (हर घर तिरंगा अभियान के साथ) तथा चतुर्थ 1 से 7 नवंबर 2026 (समापन सप्ताह) में व्यापक रूप से आयोजित किया जाएगा।
उक्ताशय की जानकारी देते हुए कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने बताया है कि इन आयोजनों में सभी स्तरों पर आम नागरिकों की सहभागिता के साथ-साथ विद्यालय, महाविद्यालय, छात्र- छात्राएं, जनप्रतिनिधि, शासकीय अधिकारी- कर्मचारी पुलिस कर्मी, डॉक्टर, शिक्षक, व्यवसायी एवं अन्य सभी प्रकार के सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की जानी है उन्होंने इस संबंध में शासन के दिशा निर्देशानुसार चरण बद्ध आयोजनों के लिए कार्य योजना बनाकर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।


















