एमसीबी/जनकपुर। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के पावन अवसर पर सिंगरौली स्थित ज्वालामुखी मंदिर परिसर भक्ति, श्रद्धा और राष्ट्रबोध के भाव से सराबोर नजर आया। प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार भारतीय जनता पार्टी मंडल जनकपुर के तत्वावधान में यहां विधिवत पूजा-अर्चना और “ॐ नमः शिवाय” मंत्र का सामूहिक जाप किया गया जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। मंत्रोच्चार के साथ गूंजते मंदिर परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से देश की सुख-समृद्धि, एकता और सांस्कृतिक गौरव की रक्षा की कामना की।
इस आयोजन का उद्देश्य सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सनातन संस्कृति की गौरवशाली परंपरा, ऐतिहासिक विरासत और राष्ट्रीय स्वाभिमान के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना रहा। वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत की उस अटूट आस्था का प्रतीक है जिसने हर संघर्ष के बाद भी अपने स्वाभिमान को अक्षुण्ण रखा।
कार्यक्रम में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक सिंह, जिला मंत्री पवन शुक्ला, मंडल अध्यक्ष नरेश यादव, मंडल महामंत्री मणि प्रसाद पांडे, मोतीलाल पांडे, शक्ति केंद्र प्रभारी लक्ष्मण कुशवाहा, शक्ति केंद्र संयोजक अमरजीत यादव, बूथ अध्यक्ष अशोक गुप्ता सहित बलिराज सिंह और अनेक भाजपा कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूजा-अर्चना के बाद वक्ताओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास और सनातन मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण शांतिपूर्ण, अनुशासित और भक्तिमय बना रहा। अंत में उपस्थित जनसमूह ने सोमनाथ की स्वाभिमानी परंपरा को आत्मसात करने और सांस्कृतिक चेतना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।


















