एसआईआर कार्य पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ करें अधिकारी-कलेक्टर
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के प्रगति की कलेक्टर ने की समीक्षा
अनूपपुर 11 नवंबर 2025/ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री हर्षल पंचोली ने सोमवार को विधानसभा क्षेत्र 86-कोतमा के मंगल भवन कोतमा तथा विधानसभा क्षेत्र 87-अनूपपुर के एकलव्य आवासीय विद्यालय अनूपपुर में आयोजित बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशानिर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
कोतमा में आयोजित बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री दिलीप कुमार पांडे, तहसीलदार, विधानसभा क्षेत्र कोतमा के बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर सहित संबंधित अधिकारी तथा अनूपपुर में आयोजित बैठक में अनुविभागीय अधिकारी अनूपपुर श्री कमलेश पुरी, तहसीलदार श्री ईश्वर प्रधान, विधानसभा क्षेत्र अनूपपुर के बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के संबंध में दिए गए निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें। उन्होंने गणना पत्रक वितरण कार्य की जानकारी प्राप्त कर कहा कि सभी अधिकारी एसआईआर के कार्य को पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ करें। शत्-प्रतिशत् मतदाताओं तक समय पर गणना पत्रक पहुंचाना सुनिश्चित करें। कार्य की गति बढ़ाएं। निर्वाचन आयोग द्वारा चाही गई जानकारी तत्परता से बीएलओ एप में अपडेट करें।


















