जिला पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह की अपील के साथ मनेन्द्रगढ़ पुलिस अलर्ट
एमसीबी। नववर्ष के अवसर पर मनेन्द्रगढ़ शहर में आयोजित होने वाले बहरूपिया कार्यक्रम और अन्य सांस्कृतिक आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रहती है। भीड़भाड़ वाले ऐसे आयोजनों में असामाजिक तत्वों द्वारा चेन स्नैचिंग, मोबाइल चोरी, पर्स चोरी जैसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसी को दृष्टिगत रखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर श्रीमती रत्ना सिंह ने आम नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह ने कहा कि नववर्ष का उत्सव खुशियों और उल्लास के साथ मनाया जाये लेकिन सुरक्षा के प्रति लापरवाही ना बरती जाये। आपकी सतर्कता ही आपकी सबसे बड़ी सुरक्षा है। पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है फिर भी आम नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि नववर्ष कार्यक्रमों के दौरान पुलिस द्वारा अतिरिक्त बल की तैनाती, पैदल पेट्रोलिंग, सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी, महिला पुलिस बल और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
जिला पुलिस द्वारा नागरिकों से कुछ सावधानियाँ अपनाने की अपील की गई है जिनमे प्रमुख है। भीड़ में हमेशा सतर्क रहें और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखें। मोबाइल, पर्स, नगदी, चेन और अन्य कीमती सामान सुरक्षित रखें। बैग हमेशा सामने की ओर रखें और ज़िप अच्छी तरह बंद रखें। पीछे से अचानक धक्का लगने पर तुरंत सावधान हो जाएँ। भीड़ में मोबाइल निकालकर बात करने या वीडियो बनाने से बचें। महिलाओं और बुजुर्गों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। महिलाएँ खुले गहनों का प्रदर्शन ना करें।
बच्चों को अकेला ना छोड़ें। हमेशा उनका हाथ पकड़कर रखें। अजनबियों द्वारा बातों में उलझाने या मदद के बहाने सतर्क रहें। कार्यक्रम समाप्ति के समय विशेष सावधानी रखें क्योंकि इसी समय चोरी की घटनाएँ अधिक होती हैं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस या डायल 112 पर दें।
अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह ने अंत में कहा कि मनेन्द्रगढ़ पुलिस नववर्ष को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और आनंदमय बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आम नागरिकों के सहयोग से ही सुरक्षित और खुशहाल उत्सव संभव है।


















