अनूपपुर। नववर्ष के अवसर पर रविवार को पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में खेल प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी तथा उनके परिवार की महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नववर्ष को पारिवारिक माहौल में मनाया।
आयोजन के दौरान क्रिकेट, दौड़, नींबू दौड़, जलेबी दौड़, चेयर रेस और रस्साकसी जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। क्रिकेट प्रतियोगिता में पुलिस अधीक्षक कार्यालय, अनुभाग अनूपपुर, कोतमा और पुष्पराजगढ़ की टीमों के बीच मुकाबले हुए। फाइनल मैच में कोतमा अनुभाग ने अनूपपुर अनुभाग को हराकर विजेता का खिताब जीता।
दौड़ प्रतियोगिताओं में बच्चों और युवाओं ने शानदार प्रदर्शन किया। 20 मीटर व 100 मीटर दौड़ के विभिन्न ग्रुप में सार्थक अहिरवार, आदर्श पांडेय, अंश कोरी, व्योम सिंह, आरूशी रैदास, आराध्या रैदास, गुंजन प्रजापति, वंशिका द्विवेदी, विवेक बंधैया, अक्षत बर्मन, शुभम सिंह राठौर सहित अन्य प्रतिभागियों ने स्थान प्राप्त किए। नींबू दौड़ व जलेबी दौड़ में भी बच्चों ने उत्साह से भाग लिया।
महिलाओं के बीच चेयर रेस और रस्साकसी प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें चचाई रोड व पुरानी बस्ती की संयुक्त टीम विजेता रही। पुरुषों की रस्साकसी में अनूपपुर अनुभाग की टीम ने बाजी मारी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस लाइन में दिनभर उत्सव जैसा माहौल रहा। सभी ने एक परिवार के रूप में साथ बैठकर भोजन किया। समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की टीम का विशेष सहयोग रहा।


















